पटना में पुलिस भर्ती 'स्कैम' का भंडाफोड़, लिखित परीक्षा में 'स्कॉलर' बैठाने वाले 2 छात्र गिरफ्तार, सिंडिकेट के 3 मेंबर भी जेल भेजे गए
सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान पुलिस ने एक बड़े जालसाजी गिरोह को दबोचा है। 05 फरवरी 2026 को हुई इस कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 3 ऐसे दलाल शामिल हैं जो अभ्यर्थियों से पैसे ठग रहे थे और 2 ऐसे अभ्यर्थी है
Patna - राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में चल रही सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान पुलिस ने एक बड़े जालसाजी गिरोह को दबोचा है। 05 फरवरी 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा स्थल पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही भाग रहे तीन संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ा गया, जो अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के नाम पर पैसे की ठगी कर रहे थे।
मोबाइल से खुले दलालों के काले राज
पकड़े गए तीन बिचौलियों के पास से बरामद मोबाइल फोन ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। जांच में कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की तस्वीरें, वॉकी-टॉकी से संबंधित फोटो और संदिग्ध चैट मिले हैं। इतना ही नहीं, मोबाइल में पैसे के बड़े लेन-देन (ट्रांजैक्शन) के सबूत भी मिले हैं, जो सीधे तौर पर परीक्षा में धांधली की ओर इशारा करते हैं।
दो 'मुन्ना भाई' भी चढ़े पुलिस के हत्थे
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान ही दो ऐसे अभ्यर्थियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने लिखित परीक्षा में खुद की जगह 'स्कॉलर' (दूसरे व्यक्ति) को बैठाया था। इन फर्जी अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा तो धोखे से पास कर ली, लेकिन फिजिकल टेस्ट के दौरान पकड़े गए। सचिवालय डीएसपी 1 डॉ. अनु ने पुष्टि की है कि इन दोनों 'मुन्ना भाई' अभ्यर्थियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
कुल 5 गिरफ्तार, बड़े गिरोह की तलाश
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सचिवालय डीएसपी डॉ. अनु के अनुसार, इस मामले में कांड दर्ज कर लिया गया है और अग्रतर अनुसंधान जारी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है ताकि इस रैकेट की जड़ों तक पहुँचा जा सके।
रिपोर्ट - अनिल कुमार