दुर्गा-पूजा पर पटना पुलिस का फुलप्रूफ प्लान: बाइकर्स गैंग पर रहेगी कड़ी नजर, चप्पे-चप्पे पर होगी सुरक्षा

दुर्गापूजा में राजधानी पटना में सुरक्षा-व्यस्था को लेकर प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। पूजा के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो इसे लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं खासकर बाइकर्स गैंग पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी...

दुर्गा-पूजा पर पटना पुलिस का फुलप्रूफ प्लान- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। दशहरा पूजा के दौरान शहर में किसी भी अप्रिय घटना या हुड़दंग से निपटने के लिए पुलिस ने एक फुलप्रूफ प्लान तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर के अति संवेदनशील और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बलों की व्यापक तैनाती की जा रही है, साथ ही विशेष सुरक्षा बलों की पांच कंपनियों को भी मैदान में उतारा गया है।


बाइकर्स गैंग पर कसेगा शिकंजा

त्योहार के दौरान अक्सर सक्रिय होने वाले 'बाइकर्स गैंग' से सख्ती से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई है। शहर के तमाम प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर पुलिस उपद्रवियों और तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों पर पैनी नजर रखेगी। हुड़दंग मचाने वालों को तुरंत दबोचने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।


ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पूजा के दौरान शहर के सभी प्रमुख मार्गों, पंडालों के आसपास और संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से असामाजिक तत्वों की हर हरकत पर पुलिस की नजर रहेगी।


सादे लिबास में पुलिसकर्मी और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस

उन्होंने कहा कि मेले और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों और जेबकतरों पर लगाम लगाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष महिला पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें शहर की गलियों, मोहल्लों और मुख्य पंडालों के आसपास लगातार गश्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।


अनिल की रिपोर्ट