पटना पुलिस का विशेष समकालीन अभियान: 24 घंटे में 90 अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार और अवैध शराब बरामद
पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी (वेस्ट) के नेतृत्व में चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में 24 घंटे के अंदर 90 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहीं हथियार और अवैध शराब बरामद किए है....
Patna : वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में पश्चिमी क्षेत्र में गंभीर कांडों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला और अन्य संगीन मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष समकालीन अभियान के तहत विगत 24 घंटे में 90 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के कारण 07 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
अवैध कारबाइन, पिस्टल और नशीले पदार्थों का जखीरा जब्त
अभियान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस टीम द्वारा 01 देशी कारबाइन, 03 देशी पिस्टल, 02 देशी कट्टा, 01 रायफल, 25 जिंदा कारतूस और 11 खाली खोखा जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 247.15 लीटर अवैध शराब, 09 ग्राम स्मैक, 5,650 रुपये नकद राशि एवं अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
46 अभियुक्तों के खिलाफ वारंट और कुर्की-इश्तेहार की कार्रवाई
लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अभियान के दौरान वारंट, कुर्की और इश्तेहार के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 46 अभियुक्तों के खिलाफ कांडों का निष्पादन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान से 5 गुमशुदा युवक-युवतियों की सकुशल बरामदगी
अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तकनीकी अनुसंधान के समन्वय से बीते 24 घंटे में 05 गुमशुदा युवक-युवतियों को सकुशल तलाश कर बरामद कर लिया है। इस पूरे अभियान के संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना कार्यालय द्वारा आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।
रंजीत की रिपोर्ट