पटना में कानून के रखवालों की बड़ी लापरवाही,एक ही बाइक पर दिखीं 3 महिला पुलिसकर्मी समेत 4 सवार, नंबर प्लेट वायरल!

टना की सड़क पर ट्रैफिक नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं।एक ही बाइक पर 3 महिला पुलिसकर्मियों समेत 4 जवान सवार होकर निकल पड़े।गाड़ी का नंबर BR01H H7131 साफ दिख रहा है।आम जनता का चालान काटने वाली पटना ट्रैफिक पुलिस क्या अब इन 'खास' पर एक्शन लेगी?

एक ही बाइक पर दिखे 4 पुलिसकर्मी, जिनमे 3 महिलाकर्मी,नंबर प्लेट वायरल!- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना में कानून व्यवस्था का पाठ पढ़ाने और ट्रैफिक नियमों का पालन कराने वाली खाकी खुद सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो और तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने बिहार पुलिस के दावों की पोल खोलकर रख दी है। सरेराह यातायात नियमों का उल्लंघन करते इन पुलिसकर्मियों का यह रवैया प्रशासनिक सजगता और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


एक ही मोटरसाइकिल पर सवार मिले चार पुलिसकर्मी

वायरल हो रही इस तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि एक ही मोटरसाइकिल पर क्षमता से दोगुनी संख्या में यानी चार पुलिसकर्मी सवार हैं। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस बाइक पर तीन महिला पुलिसकर्मी और एक पुरुष पुलिसकर्मी बैठे हुए हैं, जो कानूनन पूरी तरह से प्रतिबंधित और असुरक्षित है। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01H H7131 है, जिससे यह साफ हो गया है कि यह गंभीर लापरवाही पटना की ही सड़क पर की गई है।

'आम' और 'खास' के दोहरे नियमों पर भड़का जनता का गुस्सा

इस तस्वीर के पब्लिक डोमेन में आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स (नेटिजन्स) में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग इंटरनेट पर सवाल उठा रहे हैं कि अगर यही गलती किसी आम नागरिक से हुई होती, तो ट्रैफिक पुलिस तुरंत भारी-भरकम जुर्माना और चालान ठोक देती। लेकिन जब रसूखदार और कानून के रखवाले खुद नियमों को ठेंगा दिखाते हैं, तो प्रशासन मौन क्यों हो जाता है? क्या नियम सिर्फ आम जनता को परेशान करने के लिए हैं?


अधिकारियों की हिदायत बेअसर, विभाग की साख दांव पर

बिहार पुलिस के डीजीपी और तमाम वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जवानों को अनुशासित रहने और नियमों का सख्ती से पालन करने के कड़े निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद, बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों का ऐसा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पुलिस विभाग की छवि को बुरी तरह धूमिल कर रहा है। यह लापरवाही न सिर्फ उनके खुद के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की जान के लिए भी एक बड़ा खतरा है।


दोषी पुलिसकर्मियों पर एक्शन की उठ रही मांग

सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद अब पटना ट्रैफिक पुलिस और वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की अपील की जा रही है। यूजर्स लगातार बाइक नंबर के आधार पर इन दोषी पुलिसकर्मियों की पहचान कर उन पर अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक इन रसूखदारों पर भारी जुर्माना नहीं लगेगा, तब तक समाज में कानून की बराबरी का संदेश नहीं जाएगा।

पटना से रंजीत कुमार की रिपोर्ट