Bihar News : बिहार के स्कूलों में अब 11वीं और 12वीं के छात्र भी पढ़ेंगे सड़क सुरक्षा का पाठ, परिवहन विभाग ने की तैयारी

Bihar News : प्रदेश के स्कूलों में अब कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को भी पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का विशेष पाठ पढ़ाया जाएगा....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार के स्कूलों में अब 11वीं और 12वीं के छात्र
स्कूल में ट्रैफिक रूल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और जागरूकता फैलाने के लिए परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को भी सड़क सुरक्षा का पाठ पुस्तकों के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। विभाग ने इस संबंध में सामग्री तैयार कर ली है और मुद्रण का कार्य तेजी से चल रहा है। वर्ष 2027 से यह नया पाठ्यक्रम लागू हो जाएगा।

विभाग का व्यापक जागरूकता अभियान जारी

विभाग पहले से ही कक्षा तीन से लेकर दसवीं तक के बच्चों को सड़क सुरक्षा शिक्षा प्रदान कर रहा है। इसमें पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, ओवरस्पीडिंग, गलत लेन एवं नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, दुर्घटना में घायलों की त्वरित मदद करने और सड़क संकेतों का सख्ती से पालन करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल है। अब इन्हें उच्च कक्षाओं तक विस्तारित करने का फैसला लिया गया है। 

विभाग की पहल 

साथ ही विभाग की ओर से चालकों, कंडक्टरों और पुलिस कर्मियों को भी यातायात नियमों, सुरक्षित डाइविंग के तरीकों, आधुनिक वाहन तकनीकों एवं दुर्घटना के पश्चात आवश्यक कार्यवाही के विषय में संवेदनशील बनाने की दिशा में कार्य जारी है।

सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी: सचिव

विभाग के सचिव राज कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं केवल दुर्भाग्य नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी का परिणाम भी हैं। विभाग प्रयासरत है कि बच्चे स्कूल से ही सड़क सुरक्षा के नियमों, ट्रैफिक संकेतों और सुरक्षित ड्राइविंग की आदतों को सीखें। जब अगली पीढ़ी जागरूक होगी, तो राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या निश्चित रूप से कम होगी। यह पहल छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।