Patna Railway Station: शिफ्ट होंगी पटना जंक्शन से चलने वाली ये 70 पैसेंजर ट्रेनें , 475 करोड़ से बदलेगी पटना की रेल तस्वीर, यहां बन रहा है एयरपोर्ट जैसा स्टेशन

Patna Railway Station: पटना में रेल यात्रियों की सहूलियत और ट्रेनों के परिचालन को बेहतर बनाने की दिशा में हार्डिंग पार्क पैसेंजर टर्मिनल के निर्माण की कवायद तेज हो गई है।

बदलेगी पटना की रेल तस्वीर- फोटो : social Media

Patna Railway Station: पटना में रेल यात्रियों की सहूलियत और ट्रेनों के परिचालन को बेहतर बनाने की दिशा में हार्डिंग पार्क पैसेंजर टर्मिनल के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। करीब 475 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक टर्मिनल राजधानी के रेल नेटवर्क की तस्वीर बदलने वाला है। पांच प्लेटफॉर्म वाले इस टर्मिनल का निर्माण दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण पर 125 करोड़ और दूसरे चरण पर 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे बोर्ड ने पहले चरण के लिए राशि जारी कर दी है। इससे परियोजना को जमीन पर उतारने का रास्ता साफ हो गया है।

पूर्व मध्य रेल ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पटना जंक्शन की वाशिंग पिट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। योजना के मुताबिक अप्रैल से नए ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा। वाशिंग पिट हटने और मुख्य निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद महज 18 महीने में टर्मिनल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके चालू होने पर पटना जंक्शन से परिचालित होने वाली करीब 70 पैसेंजर ट्रेनों को यहां स्थानांतरित किया जाएगा। इससे मुख्य जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ और परिचालन का दबाव कम होगा।

इस परियोजना की खासियत इसका भूमिगत सब-वे होगा। पांचों प्लेटफॉर्म को जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड रास्ते का निर्माण तेजी से चल रहा है। गहरी खुदाई के बाद कंक्रीट की मजबूत दीवारें तैयार की गई हैं। छत की ढलाई के लिए लोहे की सरियों का जाल बिछाया जा रहा है और मजबूती के लिए नीचे सपोर्टिंग टावर लगाए गए हैं। इस सब-वे के ऊपर से रेल पटरियां गुजरेंगी। यात्री बिना रेलवे ट्रैक पार किए सुरक्षित तरीके से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे।

हार्डिंग पार्क टर्मिनल पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। यहां बेहतर प्रतीक्षालय, व्यवस्थित ट्रेन शेड्यूलिंग और ट्रेनों के तेज टर्नअराउंड की व्यवस्था होगी। इसके अलावा टर्मिनल को निर्माणाधीन मेट्रो, सड़क मार्ग और मल्टी मॉडल हब से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को आवागमन के कई विकल्प मिलेंगे।

स्टेशन से बाहर निकलने पर यात्रियों को सीधे मुख्य सड़क तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा। इससे जंक्शन गोलंबर के आसपास लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। भविष्य में जरूरत के मुताबिक यहां से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन भी संभव होगा। इस तरह हार्डिंग पार्क टर्मिनल पटना के रेल यातायात को नई रफ्तार देने के साथ यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनाएगा।