Patna Airport:पटना एयरपोर्ट की दो तस्वीरें-यात्री 9 फीसदी घटे, सुविधाओं में देश में दूसरा स्थान

Patna Airport: बिहार में हवाई सफर का नक्शा बदल रहा है। अब हर यात्रा के लिए यात्रियों को पटना पहुंचने की मजबूरी नहीं रही। ...

Patna Airport
पटना एयरपोर्ट का गजब रिकॉर्ड!- फोटो : social Media

Patna Airport: बिहार में हवाई सफर का नक्शा बदल रहा है। अब हर यात्रा के लिए यात्रियों को पटना पहुंचने की मजबूरी नहीं रही। दरभंगा के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरुआत ने राज्य के हवाई यातायात का बंटवारा कर दिया है। इसका सीधा असर पटना एयरपोर्ट के यात्रियों की संख्या पर दिख रहा है। हालांकि, यात्री सुविधाओं के मामले में पटना ने देश के बड़े हवाई अड्डों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की अप्रैल से सितंबर 2026 की रिपोर्ट में पटना एयरपोर्ट देश के शीर्ष 20 हवाई अड्डों में शामिल है। 19.58 लाख यात्रियों के आवागमन के साथ इसे 19वां स्थान मिला है। लेकिन पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले यात्रियों की संख्या में 9.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। पटना एयरपोर्ट के निदेशक चंद्रप्रताप द्विवेदी के मुताबिक, दरभंगा के बाद पूर्णिया से हवाई सेवाएं शुरू होने के कारण पटना आने वाले यात्रियों की संख्या प्रभावित हुई है।

राज्य की तस्वीर देखें तो चारों एयरपोर्ट से छह महीने में कुल 25.73 लाख यात्रियों ने सफर किया। इसमें पटना की हिस्सेदारी 76.1 फीसदी रही। यहां प्रतिदिन औसतन 78 विमानों का आवागमन होता है। राष्ट्रीय रैंकिंग में पटना ने इंदौर को पीछे छोड़ा, जबकि चंडीगढ़ इससे एक पायदान आगे 18वें स्थान पर रहा। दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले स्थान पर है।

बिहार के भीतर हवाई यातायात का नया समीकरण भी सामने आया है। दरभंगा 3.63 लाख यात्रियों के साथ दूसरे स्थान पर है। राज्य के कुल हवाई यातायात में इसकी हिस्सेदारी 14.1 फीसदी रही। हालांकि, यहां भी पिछले साल के मुकाबले छह फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।

पूर्णिया ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। छह महीने में यहां 1,789 उड़ानों के जरिए 1.66 लाख यात्रियों ने सफर किया। इस प्रदर्शन के साथ पूर्णिया राज्य में तीसरे स्थान पर पहुंच गया और गयाजी को पीछे छोड़ दिया। राष्ट्रीय स्तर पर इसे 69वां स्थान मिला है। दूसरी तरफ, बौद्ध पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण गयाजी एयरपोर्ट 86,030 यात्रियों के साथ चौथे स्थान पर रहा। यहां यात्री यातायात में 28 फीसदी की गिरावट आई है।

दिलचस्प बात यह है कि यात्रियों की संख्या घटने के बावजूद पटना एयरपोर्ट की सेवा गुणवत्ता में सुधार हुआ है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल की 2026 की तीसरी तिमाही की एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी रिपोर्ट में इसे पांच में से 4.94 अंक मिले हैं। इस प्रदर्शन के साथ पटना को चेन्नई के साथ देश में संयुक्त दूसरा स्थान मिला। वैश्विक रैंकिंग में यह 67वें स्थान पर रहा। दूसरी तिमाही में इसका स्कोर 4.92 और वैश्विक स्थान 69वां था।

यानी पटना एयरपोर्ट के सामने दो अलग तस्वीरें हैं। एक तरफ यात्रियों की संख्या में कमी है, तो दूसरी तरफ सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार दर्ज किया गया है। राज्य में नए एयरपोर्ट विकसित होने से हवाई सेवाओं का विकेंद्रीकरण बढ़ रहा है। आने वाले समय में यही बदलाव बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा दे सकता है।