पटना में भक्ति का महाकुंभ: बाबा श्याम का 30वां फाल्गुन महोत्सव कल से, 10 हजार भक्त उठाएंगे 'निशान'

राजधानी पटना 'हारे के सहारे' बाबा श्याम के जयकारों से गूंजने वाली है। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट, न्यू बहादुरपुर की ओर से आयोजित होने वाले 30वें श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का आगाज रविवार, 22 फरवरी को भव्य 'ध्वजा निशान शोभायात्रा' के साथ होगा

Patna : श्री श्याम सेवा ट्रस्ट, न्यू बहादुरपुर के तत्वावधान में ऐतिहासिक '30वां श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव' रविवार से शुरू होने जा रहा है। महोत्सव की विधिवत शुरुआत 22 फरवरी को भव्य ध्वजा निशान शोभायात्रा से होगी। श्री श्याम मंदिर के इस गौरवमयी 30वें वर्ष को यादगार बनाने के लिए ट्रस्ट ने व्यापक तैयारियां की हैं। संवाददाता सम्मेलन के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद थिरानी ने बताया कि इस बार का महोत्सव भव्यता और श्रद्धा का अनूठा संगम होगा, जिसमें देश-विदेश के फूलों से बाबा का श्रृंगार किया जाएगा।

रविवार सुबह 10 बजे बुद्धमार्ग स्थित श्री सत्यनारायण सेवा ट्रस्ट से यह शोभायात्रा प्रस्थान करेगी। यात्रा में सबसे आगे माथे पर जलती हुई सिगड़ी लेकर 51 महिलाएं चलेंगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगी। बाबा श्याम के रथ के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए झांकी कलाकार और भजन गायक भक्ति की रसधारा बहाएंगे। यह यात्रा कोतवाली, डाकबंगला चौराहा, एग्जीबिशन रोड और नाला रोड होते हुए न्यू बहादुरपुर स्थित श्याम मंदिर पहुँचकर संपन्न होगी, जिसमें करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

शोभायात्रा के समापन के बाद उत्सव की कड़ियां आगे बढ़ेंगी। 26 फरवरी (गुरुवार) को श्याम मंदिर में अखंड पाठ का आयोजन होगा। इसके अगले दिन 27 फरवरी (शुक्रवार) को अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी, जिसमें बाबा का भव्य श्रृंगार और रात्रि जागरण होगा। 28 फरवरी (शनिवार) को द्वादशी ज्योति के साथ विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जहाँ हजारों भक्त बाबा का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

भक्ति के साथ-साथ यह महोत्सव सामाजिक सरोकार का भी गवाह बनेगा। 28 फरवरी को मंदिर परिसर के सामने स्थित श्री श्याम भवन में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। मां वैष्णो देवी सेवा समिति और मां ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में समाज के युवा और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर रक्तदान करेंगे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि बाबा की सेवा के साथ मानवता की सेवा ही इस महोत्सव का वास्तविक उद्देश्य है।

महोत्सव का समापन बुधवार, 4 मार्च को बेहद खास अंदाज में होगा। इस दिन शाम 4 बजे से 'रंगारंग होली मिलन' और 'चटपटी संध्या' का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्याम भक्त एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देंगे। संवाददाता सम्मेलन में सचिव ओमप्रकाश टिबड़ेवाल, कोषाध्यक्ष विश्वनाथ टेकरीवाल सहित अमित सुल्तानिया, प्रदीप अग्रवाल और अन्य सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने सभी शहरवासियों से इस दिव्य महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।