Patna Traffic Police: पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 93 वाहनों का चालान, 2.03 लाख रुपये जुर्माना वसूले गए
Patna Traffic Police: पटना में विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 93 वाहनों का चालान काटा गया और 2.03 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
Patna Traffic Police: पटना में सड़कों को सुरक्षित और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पटना पुलिस अधीक्षक (यातायात) के आदेश पर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक यातायात प्रथम ने किया। इस सघन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच कर नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया।
आज की कार्रवाई में कुल 93 वाहनों के खिलाफ चालान काटे गए। इस दौरान कुल 2,03,800 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। जांच के दौरान कई तरह के यातायात नियम उल्लंघन सामने आए। इनमें बिना इंश्योरेंस के वाहन चलाना, प्रदूषण प्रमाण पत्र यानी PUCC का नहीं होना, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना और कारों में अनधिकृत या अवैध लाइटें लगाना शामिल है। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
वाहन चालकों से पटना यातायात पुलिस की अपील
पटना यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियम लोगों और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। नियमों का पालन करके न सिर्फ दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है, बल्कि अनावश्यक जुर्माने से भी बचा जा सकता है। पुलिस ने लोगों से वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वाहन के सभी जरूरी कागजात जैसे इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें। पटना यातायात पुलिस का संदेश साफ है कि सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन जरूरी है। जिम्मेदार नागरिक बनकर ही सुरक्षित पटना का निर्माण किया जा सकता है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट