Patna Crime: पटना में 16 लाख की कैश वैन चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
Patna Crime: पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने 16 लाख रुपये की कैश वैन चोरी के चार साल पुराने मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Patna Crime: पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने की पुलिस ने चार वर्ष पुराने कैश वैन चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला CMS Info Systems की कैश वैन से 16 लाख रुपये चोरी से जुड़ा है।गिरफ्तार आरोपियों में चालक सोनू कुमार शर्मा और उसके दो सहयोगी अनुराग तथा नीतीश शामिल हैं। सोनू खाजेकलां के रानीपुर का निवासी है, अनुराग नालंदा जिले के तेलहाड़ा थाना क्षेत्र के केला बिगहा गांव का रहने वाला है, जबकि नीतीश रूपसपुर का निवासी बताया गया है।
घटना 31 अगस्त 2021 की है। उस दिन सोनू कैश वैन चालक के रूप में अपने सहयोगियों और गनमैन के साथ विभिन्न बैंकों से नकदी लेकर एटीएम में लोड करने का कार्य कर रहा था। बोरिंग रोड स्थित वर्मा सेंटर के एटीएम में नकदी डालने के दौरान उसके सहयोगी कुछ राशि लेकर अंदर गए। सोनू ने उन्हें बताया कि वह कैश वैन को छप्पन भोग के पास खड़ी कर रहा है। जब सहयोगी एटीएम में पैसा लोड कर लौटे तो कैश वैन वहां नहीं मिली। बाद में वाहन बोरिंग कैनाल रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में मिला। चालक गायब था और वैन में रखे 16 लाख रुपये भी नहीं थे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में हुआ खुलासा
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि सोनू अपने दो सहयोगियों के साथ रुपये से भरा बैग लेकर फरार हुआ था। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी संजीव कुमार के बयान पर श्रीकृष्णापुरी थाने में मामला दर्ज किया गया। लंबे समय तक तीनों आरोपी फरार रहे। हाल ही में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू अपने खाजेकलां स्थित घर पर आया है। बुधवार देर रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अनुराग और नीतीश को भी पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और आगे की कार्रवाई जारी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट