Bihar News : मुंगेर में बनरघट्टा पहाड़ी पर पुलिस ने 'मिनी गन फैक्ट्री' का किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में पिस्टल और उपकरण किया बरामद, 3 गिरफ्तार

Bihar News : मुंगेर पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. जहाँ निर्मित और अर्द्ध निर्मित हथियार बरामद किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में बनरघट्टा पहाड़ी पर पुलिस ने 'मिनी गन
मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन - फोटो : imtiyaz

MUNGER : अवैध हथियारों के निर्माण के लिए कुख्यात मुंगेर में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। नयारामनगर थाना क्षेत्र की बनरघट्टा पहाड़ी पर चल रहे अवैध हथियार निर्माण के काले खेल को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। यहाँ एक-दो नहीं, बल्कि तीन मिनी गन फैक्ट्री संचालित हो रही थीं। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और बड़ी संख्या में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं।

पहाड़ी पर घेराबंदी कर खदेड़ कर पकड़ा

नयारामनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बनरघट्टा पहाड़ी के दुर्गम इलाके में हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीन लोग भागने लगे, जिन्हें जवानों ने पहाड़ियों पर खदेड़ कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिर्जापुर बरदह गांव निवासी शाहवाज आलम उर्फ बिल्ला, मो. तारीख अनवर उर्फ चुन्ना और मो. मेहताब के रूप में हुई है।

हथियार निर्माण का भारी जखीरा बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जो सामान बरामद किया है, वह चौंकाने वाला है। बरामद सामानों में 3 तैयार पिस्टल (मैगजीन सहित), 2 अर्धनिर्मित पिस्टल और 2 अतिरिक्त मैगजीन, 3 बेस मशीन और 1 हैंड ड्रिल मशीन और हथियार बनाने के दर्जनों छोटे-बड़े उपकरण शामिल हैं।

कारीगर और तस्कर दोनों पुलिस की गिरफ्त में

डीएसपी साइबर सह प्रभारी डीएसपी सदर राकेश रंजन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में दो माहिर हथियार कारीगर हैं और एक मुख्य तस्कर शामिल है। उन्होंने बताया कि ये लोग पहाड़ी की आड़ में फैक्ट्रियां चला रहे थे ताकि किसी को भनक न लगे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन जिलों या राज्यों में की जाने वाली थी।

तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर:

मुंगेर पुलिस अब इस पूरे रैकेट के 'बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज' खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय तस्करों से जुड़े हो सकते हैं। इस कार्रवाई को मुंगेर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आगामी समय में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट