पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: डीएम ने मतपत्र विखंडन और सामग्री कोषांग का किया औचक निरीक्षण, पैकेटों के सत्यापन का दिया निर्देश
बिहार विधान परिषद चुनाव में अब कुछ दिन बचे है। ऐसे में प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने को लेकर तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में पटना डीएम ने मतपत्र विखंडन और सामग्री कोषांग का औचक निरीक्षण किया और कई सख्त निर्देश दिए....
Patna : बिहार में पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को निष्पक्ष, सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी कड़ी में सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी (डीएम) श्री कुंदन कुमार ने पटना जिला अंतर्गत मतदान केंद्रवार मतपत्रों के विखंडन कार्य और सामग्री कोषांग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को संपूर्ण प्रक्रिया में पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और सावधानी बरतने का सख्त निर्देश दिया।
'प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार ही हो मतपत्रों का विखंडन'
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिस मतदान केंद्र के लिए जितनी संख्या में मतपत्र निर्धारित हैं, उसी के अनुरूप उनका सटीक विखंडन और पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर थोड़ी सी भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन करते हुए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
सामग्री कोषांग का लिया जायजा, पैकेटों के सत्यापन का दिया निर्देश
सामग्री कोषांग के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रवार तैयार किए जा रहे मतदान सामग्री पैकेटों की गहनता से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक केंद्र के पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्री अनिवार्य रूप से रखी जाए। पैकेटों को सील करने से पूर्व सामग्री का बारीकी से मिलान और सत्यापन करने का निर्देश दिया गया ताकि मतदान के दिन किसी भी बूथ पर किसी भी प्रकार की सामग्री की किल्लत न हो।
नवादा और नालंदा जिले को हस्तगत कराई गईं मतदान सामग्रियां
निर्वाचन की सुव्यवस्थित तैयारियों के तहत जिला-वार मतपत्रों का विखंडन पूरा करते हुए नवादा और नालंदा जिलों के लिए निर्धारित मतपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही दोनों पड़ोसी जिलों के लिए तैयार आवश्यक मतदान सामग्रियां और सामग्रियां पैकेट भी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को औपचारिक रूप से सौंप दिए गए हैं।
अनिल की रिपोर्ट