नवादा में पुलिस टीम पर पथराव : तीन महिलाओं समेत 11 गिरफ्तार, 13 नामजद पर केस दर्ज

नवादा जिले में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किया गया। इस घटना में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुे मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 3 महिलाएं शामिल है.....

नवादा में पुलिस टीम पर पथराव  : तीन महिलाओं समेत 11 गिरफ्तार
पुलिस टीम पर पथराव मामले में 11 गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआही और भिखनपुरा गांव के बीच ई-रिक्शा और साइकिल की मामूली टक्कर ने उग्र मोड़ ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवा डायल 112 की पुलिस टीम और बाद में भेजी गई गश्ती पुलिस पर उपद्रवियों ने हमला कर पथराव कर दिया। इस हिंसक वारदात में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन को भी क्षति पहुंची है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।


मामूली विवाद के बाद परिजनों को बुलाकर शुरू हुई मारपीट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिखनपुरा गांव के एक व्यक्ति के ई-रिक्शा और बलुआही गांव के एक युवक की साइकिल के बीच बलुआही के पास हल्की टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों चालकों के बीच तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। ई-रिक्शा चालक और साइकिल सवार दोनों ने अपने-अपने परिजनों व ग्रामीणों को फोन कर मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट करने लगे, जिसमें दो लोगों को बंधक बना लिया गया।


डायल 112 और गश्ती पुलिस पर हमला, महिला सिपाही की पिस्टल छीनने की कोशिश का डर

दो लोगों को बंधक बनाकर पीटे जाने की सूचना पर सबसे पहले डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जैसे ही मामले को शांत कराने की कोशिश की, उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया। थानाध्यक्ष गौतम कुमार के अनुसार, इस दौरान टीम में शामिल महिला सिपाही के साथ हाथापाई की गई और उसकी सर्विस पिस्टल छीने जाने का खतरा उत्पन्न हो गया। इसके बाद थाने से तुरंत अतिरिक्त गश्ती पुलिस बल भेजा गया। गश्ती पुलिस के पहुंचते ही असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे एक पुलिसकर्मी, चालक और चौकीदार को हल्की चोटें आईं।


11 आरोपी गिरफ्तार, 13 नामजद और अज्ञात उपद्रवियों पर प्राथमिकी दर्ज

पुलिस पर हमले और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने छापेमारी कर आठ पुरुषों और तीन महिलाओं समेत 11 लोगों को हिरासत में ले लिया है। गश्ती दल के एएसआई पप्पू कुमार के लिखित आवेदन पर नरहट थाने में 13 नामजद अभियुक्तों और 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और इलाके में स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट