बेखौफ चोरों का तांडव: पटना के शास्त्रीनगर में पूर्व विधायक के घर घुसे चोर, बेटे की मार्कशीट और जमीन के कागज भी ले उड़े

पटना के शास्त्रीनगर थाना अंतर्गत सहदेव पथ मार्ग स्थित जेडीयू के पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह के घर में चोरी की वारदात हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर शास्त्रीनगर थाने की पुलिस पहुंची और छानबीन में जुट गई है।

बेखौफ चोरों का तांडव: पटना के शास्त्रीनगर में पूर्व विधायक के घर घुसे चोर- फोटो : news 4 nation

पटना के शास्त्रीनगर थाना अंतर्गत सहदेव पथ मार्ग पर स्थित जेडीयू के पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह के आवास में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। होली के त्योहार के कारण विधायक का पूरा परिवार अपने पैतृक गांव बगहा गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। यह घटना तब प्रकाश में आई जब पूर्व विधायक शुक्रवार रात को पटना स्थित अपने फ्लैट पर पहुंचे और घर का ताला टूटा हुआ पाया।

मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने आए थे पूर्व विधायक

प्रभात रंजन सिंह ने बताया कि वह वर्तमान में जदयू के जिला अध्यक्ष हैं और 6 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई महत्वपूर्ण पार्टी मीटिंग में शामिल होने के लिए पटना आए थे। दिन भर राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहने के बाद, जब वे रात करीब 9:30 बजे अपने फ्लैट पर सोने पहुंचे, तो देखा कि मुख्य द्वार तो बंद था, लेकिन ऊपर जाने पर फ्लैट का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देख उन्होंने तुरंत पुलिस और डायल 112 को सूचित किया।

नगदी, गहने और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब

पूर्व विधायक के अनुसार, चोरों ने अलमारी खंगालकर करीब 40 से 50 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के कुछ गहनों पर हाथ साफ किया है। संपत्ति के नुकसान से ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं। इनमें उनके बेटे की मार्कशीट, जमीन के कागज, पेंशन बुक और बैंक पासबुक जैसे जरूरी कागजात शामिल हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की बरामदगी को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है।

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच तेज

वारदात की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाने की पुलिस और एसडीपीओ-2 साकेत कुमार मौके पर पहुंचे। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टावर डंप के जरिए इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था और केयरटेकर से पूछताछ

पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह ने बताया कि इस फ्लैट में उनके बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं, जबकि वे खुद अधिकतर समय बगहा में रहते हैं। फ्लैट की देखरेख के लिए केयरटेकर भी रखे गए हैं। पुलिस अब केयरटेकर और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरों को घर खाली होने की सटीक जानकारी कैसे मिली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।