Patna Traffic Checking:पटना की सड़कों पर फिर शुरू हुआ 'S-Drive' एसकेपुरी मोड़ समेत पूरे शहर में कटा भारी चालान

पटना पुलिस अधीक्षक (यातायात) के आदेश पर विशेष 'S-Drive' अभियान के तहत एसकेपुरी मोड़ पर SI स्वाति सुमन के नेतृत्व में वाहनों की जांच की गई। पूरे पटना में 512 वाहनों से ₹6,01,700 का जुर्माना वसूला गया।

पटना की सड़कों पर फिर शुरू हुआ 'S-Drive' - फोटो : Reporter

पटना में पुलिस अधीक्षक (यातायात) के आदेशानुसार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान (S-Drive) चलाया गया। इसी क्रम में एसकेपुरी मोड़ पर ट्रैफिक एसआई स्वाति सुमन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एसकेपुरी मोड़ से गुजरने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों व नियमों की कड़ाई से जांच की गई। 


नियमों की अनदेखी पर कटे चालान

जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, ओवरस्पीडिंग और अपूर्ण कागजात वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने दर्जनों वाहनों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज चेक किए। नियम तोड़ने वाले चालकों के मौके पर ही ई-चालान काटे गए, जिससे वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही।


शहर भर में 512 वाहनों से ₹6,01,700 का जुर्माना

यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत पटना के विभिन्न थाना/ओपी क्षेत्रों में कुल 512 वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई, जिससे कुल ₹6,01,700 का जुर्माना वसूला गया। इस अभियान में पत्रकार नगर OP क्षेत्र में सर्वाधिक 135 वाहनों से ₹1,40,700, राजीव नगर OP में 44 वाहनों से ₹73,800, और पीरबहोर OP में 28 वाहनों से ₹63,500 का चालान काटा गया। इसके अलावा मीठापुर, ज़ीरो माइल, सगुना, गांधी मैदान और कोतवाली समेत अन्य इलाकों में भी भारी जुर्माना वसूला गया।


सुरक्षित सफर के लिए यातायात पुलिस की अपील

कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि "सुरक्षित पटना - आपकी ज़िम्मेदारी, हमारा प्रयास" के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें, हेलमेट व सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन न खड़े करें और जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट