पटना में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग: बाइक सवार बदमाशों ने दफ्तर जा रहे व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपटी

पुलिस की सक्रियता के बावजूद राजधानी पटना में चेन-स्नेचिंग की घटना थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को एकबार फिर एक व्यक्ति के गले से दिन-दहाड़े सोने की चेन झपटी ली। सबसे खास बात यह है बाइक पर पीछे बैठी लड़की ने घटना को अंजाम दिया.....

पटना में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग: बाइक सवार बदमाशों ने दफ्तर
पटना में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्जी मोड़ के पास बुधवार सुबह दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। सुबह-सुबह व्यस्त इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने कार्यालय जा रहे एक व्यक्ति के गले से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।


ऑटो चालक से बातचीत के दौरान बदमाशों ने बनाया निशाना

पीड़ित पंकज कुमार के अनुसार, वे बुधवार सुबह करीब 7:50 बजे अपने घर से निकलकर कार्यालय की ओर जा रहे थे। कुर्जी मोड़ के पास वे एक ऑटो चालक से किसी सिलसिले में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग वहां पहुंचे और पीड़ित को संभलने का मौका दिए बिना अचानक निशाना बनाया।


बाइक पर पीछे बैठी लड़की ने झपटी चेन, मौके से हुए फरार

घटना का चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि बाइक पर पीछे बैठी एक लड़की ने मौका मिलते ही पंकज कुमार के गले से सोने की चेन झपट ली। झपटमारी की यह घटना इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते या शोर मचाते, तब तक दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से पलक झपकते ही मौके से फरार हो चुके थे।


CCTV फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम सुराग

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने दीघा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। फुटेज में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, जो पुलिस अनुसंधान और अपराधियों तक पहुंचने के लिए एक अहम सुराग साबित हो रही हैं।


आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों और राहगीरों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दीघा थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की पहचान स्थापित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


रंजीत की रिपोर्ट