Patna Traffic Alert: शपथ ग्रहण समारोह के चलते पटना की सड़कें सील, एयरपोर्ट और जंक्शन जाने वालों के लिए एडवाइजरी जारी, घर स् निकलने से पहले जानिए कौन-सा रास्ता रहेगा बंद
Patna Traffic Alert: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिपरिषद विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेगा रोड शो को लेकर पूरा शहर हाई अलर्ट मोड में है।
Patna Traffic Alert: बिहार की राजधानी पटना आज सियासत, सुरक्षा और सत्ता के सबसे बड़े इम्तिहान से गुजर रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिपरिषद विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेगा रोड शो को लेकर पूरा शहर हाई अलर्ट मोड में है। ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र राजधानी के कई अहम इलाकों को नो-एंट्री ज़ोन में तब्दील कर दिया है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
7 मई को होने वाले इस सियासी महाकुंभ के चलते पटना की सड़कों पर आवाजाही लगभग ठहर सी गई है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, शेखपुरा मोड़ से एयरपोर्ट जाने वाले सभी रास्तों पर आम वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। हवाई अड्डा गोलंबर से पूर्वी पटेल गोलंबर तक और राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर की ओर जाने वाली सड़कें पूरी तरह सील कर दी गई हैं।
सबसे ज्यादा असर हार्डिंग रोड, सिंचाई भवन और आर ब्लॉक इलाके में देखने को मिलेगा, जहां पटेल गोलंबर से आयकर गोलंबर तक पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में रहेगा। चितकोहरा गोलंबर से उत्तर दिशा की ओर भी किसी वाहन को जाने की इजाज़त नहीं होगी।
इसके अलावा आयकर गोलंबर, डाक बंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, बाकरगंज और कारगिल चौक जैसे पटना के सबसे व्यस्त इलाकों में सख़्त ट्रैफिक पाबंदियां लागू रहेंगी। न्यू डाक बंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की तरफ जाने वाला रास्ता भी पूरी तरह बंद रहेगा।
हवाई सफर करने वाले यात्रियों को ट्रैफिक विभाग ने जगदेव पथ और राजाबाजार रूट इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वहीं पटना जंक्शन जाने वाले लोगों से करबिगहिया साइड से स्टेशन पहुंचने की अपील की गई है, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जाम की आफत से बचा जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो और सुरक्षा इंतज़ाम को देखते हुए गांधी मैदान को पूरी तरह छावनी में बदल दिया गया है। वीवीआईपी मेहमानों का प्रवेश गेट नंबर 1 से होगा, जबकि मंत्रियों और विशेष पासधारकों के लिए गेट नंबर 4 और 12 तय किए गए हैं। आम जनता को गेट नंबर 7, 8, 9 और 10 से एंट्री मिलेगी।
भीड़ और ट्रैफिक दबाव को संभालने के लिए मरीन ड्राइव से लेकर दीघा और कंगन घाट तक विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर को भी अस्थायी पार्किंग ज़ोन बनाया गया है। राजधानी में आज हर सड़क सत्ता के इस मेगा शो की गवाह बनने जा रही है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार