Patna traffic: मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर ट्रैफिक रुट में बड़ा बदलाव, घर से निकलने से पहले जान लें कौन-कौन से रूट रहेंगे पूरी तरह बंद, पटना में एयरपोर्ट और जंक्शन तक पहुंचने के बदले रास्ते

Patna traffic: बिहार की सियासत में हलचल तेज़ है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले राजधानी पटना का ट्रैफिक निज़ाम पूरी तरह से तब्दील कर दिया गया है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर ट्रैफिक रुट में बड़ा बदलाव,- फोटो : social Media

Patna traffic: बिहार की सियासत में हलचल तेज़ है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले राजधानी पटना का ट्रैफिक निज़ाम पूरी तरह से तब्दील कर दिया गया है। बृहस्पतिवार, 7 मई को होने वाले इस अहम सियासी इवेंट को लेकर शहर की कई अहम सड़कों पर आवाजाही पर सख़्त पाबंदी लगा दी गई है, जिससे आम अवाम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 7 मई को  शेखपुरा मोड़ से एयरपोर्ट जाने वाली सभी गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। हवाई अड्डा गोलंबर से पूर्व पटेल गोलंबर तक और राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर की ओर जाने वाले रास्ते पूरी तरह सील रहेंगे। यही नहीं, पटेल गोलंबर से आयकर गोलंबर तक का इलाका जिसमें हार्डिंग रोड, सिंचाई भवन और आर ब्लॉक शामिल हैं पूरी तरह नो-एंट्री ज़ोन घोषित कर दिया गया है।

चितकोहरा गोलंबर से उत्तर दिशा में गाड़ियों का गुज़रना मना रहेगा। कल आयकर गोलंबर से लेकर डाक बंगला, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, बाकरगंज और कारगिल चौक तक सख़्त पाबंदियाँ लागू रहेंगी। न्यू डाक बंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में दाख़िला भी मुकम्मल तौर पर बंद रहेगा।

हवाई सफ़र करने वाले मुसाफ़िरों को हिदायत दी गई है कि वे जगदेव पथ और राजाबाजार के रास्ते का इस्तेमाल करें। 7 मई को वहीं, पटना जंक्शन जाने वालों को करबिगहिया साइड से जाने की सलाह दी गई है, ताकि शहर के सबसे ज़्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगने वाले जाम से निजात मिल सके।

पीएम की सुरक्षा को मद्देनज़र रखते हुए सख़्त इंतज़ामात किए गए हैं। वीवीआईपी मेहमानों का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 1 से दाख़िल होगा, जबकि मंत्रियों और पासधारक वीआईपी के लिए गेट नंबर 4 और 12 मुकर्रर किए गए हैं। आम जनता के लिए गेट नंबर 7, 8, 9 और 10 तय किए गए हैं।

भीड़ को काबू में रखने के लिए मरीन ड्राइव पर दीघा से कंगन घाट तक पार्किंग का इंतज़ाम किया गया है। इसके अलावा, पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज में भी गाड़ियों के लिए जगह मुहैया कराई गई है, ताकि शहर की सड़कों पर दबाव कम किया जा सके।