पीएम के वैशाली दौरे को लेकर पटना यातायात पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, 20 नवंबर रात 10 बजे से कई मार्गों पर प्रतिबंध लागू
21 नवंबर को प्रधानमंत्री के वैशाली में होने वाले कार्यक्रम के दौरान लाखों लोगों के जुटने की संभावना है, इसे लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने एडवाजरी जारी की है। जारी एटवाइजरी के अनुसार कई मार्गों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है...
Patna : 21 नवंबर 2026 को वैशाली जिले में प्रधानमंत्री के निर्धारित दौरे को लेकर पटना यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने गुरुवार (19 नवंबर) को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ट्रैफिक एडवाइजरी लागू कर दी है। इस अवसर पर अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ लाखों की संख्या में आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पटना जिले के अंतर्गत यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध व प्रतिबंध तय किए गए हैं।
कच्ची दरगाह 6-लेन मार्ग पर भारी व व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
जारी एडवाइजरी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की रात 10 बजे से कच्ची दरगाह 6-लेन से बनारसी चौक (वैशाली) जाने वाले मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह रोक 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने तथा आयोजन में आए सभी वाहनों के सुरक्षित निकलने तक प्रभावी रहेगी।
दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के पश्चिमी लेन पर सभी वाहनों का परिचालन बाधित
कच्ची दरगाह की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग व्यवस्था तय की गई है। 20 नवंबर की रात 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह 6-लेन पुल के ऊपर पश्चिमी लेन में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में जाने वाले वाहनों का आवागमन दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के नीचे से विपरीत दिशा रैंप होते हुए 6-लेन पुल के पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल तक होगा, जिसका उपयोग निर्धारित कार्यक्रम से पहले तक किया जा सकेगा।
गांधी सेतु व जेपी सेतु से जा सकेंगे छोटे वाहन, आम लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
आयोजन में भाग लेने वाले निजी और छोटे वाहन पटना से गांधी सेतु या जेपी सेतु के मार्ग से जा सकेंगे। पटना यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए हवाई अड्डा-शहीद पीरअली मार्ग-हार्डिंग रोड-अटल पथ-दीघा गोलंबर-जेपी गंगा पथ वाले मार्ग के बजाय अशोक राजपथ और बेली रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी जानकारी के लिए यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2219151 और 9470630615 पर संपर्क किया जा सकता है।
रंजीत की रिपोर्ट