Patna Traffic Change: महाशिवरात्रि पर बदला रहेगा पटना का ट्रैफिक, इन रास्तों पर वाहनों की परिचालन पर रोक, भूल कर भी ना जाएं...

Patna Traffic Change: आज यानी महाशिवरात्रि को लेकर पटना का ट्रैफिक व्यवस्था आज बदला रहेगा। कई रास्तों पर वाहनों का परिचालन नहीं होगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले इस खबर को जान लें...

महाशिवरात्रि पर बदला ट्रैफिक व्यवस्था - फोटो : AI Image

बिहार सहित पूरे देश में महाशिवरात्रि धूम धाम से मनाया जा रहा है। मंदिर शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं राजधानी पटना में महाशिवरात्रि को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्राओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आज के लिए शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पटना यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित या डायवर्ट किया है, ताकि जुलूस के दौरान भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित रखा जा सके।

इन रास्तों पर परिचालन रहेगा बंद 

निर्धारित व्यवस्था के तहत जगदेव पथ से शेखपुरा तक फ्लाईओवर के नीचे वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं रूकनपुरा से चिड़ियाखाना गेट नंबर-1 तक सिटी बसें फ्लाईओवर के नीचे नहीं चलेंगी। यह व्यवस्था दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक लागू रहेगी। हालांकि, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे इमरजेंसी वाहनों को इस रूट प्लान से मुक्त रखा गया है। राजीवनगर, दीघा, डाकबंगला सहित शहर के विभिन्न इलाकों से खाजपुरा स्थित शिव मंदिर तक शोभायात्राएं पहुंचती हैं, जिसके कारण इन मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

भारी वाहनों के प्रवेश पर समय सीमा तय

यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट प्लान के अनुसार ही वाहन चलाएं, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। शहर में भीड़ को देखते हुए रविवार को भारी वाहनों के प्रवेश पर भी नियंत्रण रखा गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार रात 12 बजे के बाद ही भारी वाहनों को शहर में आने की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले उन्हें चेकपोस्ट पर रोककर रखा जाएगा, ताकि शहरी यातायात प्रभावित न हो।

नेहरू पथ और आसपास के इलाकों में विशेष डायवर्जन

राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे डुमरा टीओपी मोड़ से जगदेव पथ मोड़ तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। नेहरू पथ से एयरपोर्ट, आयकर गोलंबर और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहनों को जगदेव पथ मोड़ से दक्षिण दिशा में फुलवारी जेल मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। छोटे वाहनों को दीघा, राजीवनगर और एजी कॉलोनी की ओर जाने के लिए आंबेडकर पथ और मौर्या पथ होते हुए आशियाना-दीघा रोड का उपयोग करना होगा। वहीं डुमरा टीओपी के पास से पूरब से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों को एयरपोर्ट के पश्चिमी गेट की तरफ मोड़ा जाएगा।

ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। 75 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, साथ ही लाठी बल और क्यूआरटी टीम भी सक्रिय रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी के साथ-साथ वीडियोग्राफी और ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर तुरंत दें।