Bihar News : स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना का परचम, 'स्टेट First स्वच्छ सिटी' का मिला सम्मान, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटनावासियों और स्वच्छता कर्मियों को दी बधाई

Bihar News : पटना शहर ने स्वच्छ सर्वेक्षण (2025-26) के 10वें संस्करण में 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल कर राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है।

पटना की बड़ी उपलब्धि - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वच्छ सर्वेक्षण (2025-26) के 10 वें संस्करण में पटना को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का सम्मान प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर कमलों से पटना शहर को यह सम्मान प्राप्त होना विशेष हर्ष एवं गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास के लिए निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बिहार विकास, स्वच्छता और शहरी आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में विकास की गति को और तेज किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पटना को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का सम्मान प्राप्त होने पर समस्त पटनावासियों, पटना नगर निगम के पार्षदगण, पदाधिकारियों एवं विशेष रूप से स्वच्छता कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का परिणाम है। इसमें स्वच्छता कर्मियों की मेहनत, समर्पण एवं प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं विकसित समाज के के निर्माण का आधार है। हमारी सरकार बिहार के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित, आधुनिक एवं विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में शहरी निकायों को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पटना की यह उपलब्धि राज्य के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और सामूहिक प्रयासों से बिहार स्वच्छता एवं शहरी विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।