रेत के जादूगर मधुरेंद्र कुमार ने बनाई विश्व की सबसे लंबी राम दरबार कलाकृति, बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज
बिहार के लाल मधुरेंद्र ने अयोध्या में सरयू तट पर 220 टन बालू से 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची कलाकृति तैयार कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस कलाकृति की उपराष्ट्रपति और यूपी के सीएम योगी ने सराहना की है....
Patna : उत्तर प्रदेश की पावन धार्मिक नगरी अयोध्या में आयोजित 'दीपोत्सव 2026' के शुभ अवसर पर बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्भुत कला का लोहा मनवाया है। सरयू नदी के तट पर स्थित राम कथा पार्क में उन्होंने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर लगातार सात दिनों की कठिन साधना के बाद 220 टन सरयू की बालू से 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची भव्य दिव्य राम दरबार, राम मंदिर एवं हनुमानगढ़ी मंदिर की विशाल रेत कलाकृति का निर्माण कर इतिहास रच दिया।
7 दिनों की कठिन मेहनत से 7 नवंबर को पूरा हुआ निर्माण, दीपोत्सव समारोह में नेताओं ने जताया आश्चर्य
30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य बारीक कलात्मक तकनीक और अद्भुत रचनात्मक कल्पनाशीलता के साथ 7 नवंबर को सफलतापूर्वक पूरा हुआ। दीपोत्सव 2026 के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विशाल रेत कलाकृति का अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने 'वेल डन' कहकर कलाकार की पीठ थपथपाई, वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में सृजित ऐसी ऐतिहासिक कला को अयोध्यावासी कभी नहीं भूलेंगे।
'बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में आधिकारिक तौर पर दर्ज हुई उपलब्धि, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी भेजा गया आवेदन
विश्व शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाली इस विशाल कलाकृति को आयोजकों की ओर से विश्व की सबसे लंबी रेत निर्मित राम दरबार कलाकृति बताया गया है। मधुरेंद्र कुमार की इस कलात्मक उपलब्धि को 7 नवंबर 2026 को 'बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में आधिकारिक तौर पर दर्ज कर लिया गया (रिकॉर्ड प्रमाणन संख्या: IND/2026/001810) तथा उन्हें डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, इस ऐतिहासिक उपलब्धि का विवरण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को भी स्वतंत्र पुष्टि के लिए भेजा गया है।
पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं मधुरेंद्र, 25 से अधिक देशों में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी मधुरेंद्र कुमार केवल रेत ही नहीं, बल्कि कोयले की राख, मिट्टी, धातु, पत्तियों, सब्जियों और अनाज के दानों पर सूक्ष्म नक्काशी के लिए भी दुनिया भर में जाने जाते हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मूर्तिकला में बीएफए और एमएफए की डिग्री हासिल करने वाले मधुरेंद्र 25 से अधिक देशों में 75 से ज्यादा बार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं और हाल ही में उन्हें अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा 'ऑनरेरी डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी इन सैंड आर्ट' की मानद उपाधि से भी नवाजा गया है।
चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर से लेकर नशामुक्ति अभियानों तक, कला के माध्यम से दे रहे सामाजिक संदेश
मधुरेंद्र कुमार का कला सृजन केवल सौंदर्य प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपनी कलाकृतियों के जरिए जल संरक्षण, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, स्वच्छता अभियान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता फैलाते रहे हैं। वे भारत निर्वाचन आयोग (2019–2020) के मतदाता जागरूकता अभियान और बिहार सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के ब्रांड एंबेसडर भी रह चुके हैं। अयोध्या में सरयू के तट पर उकेरी गई उनकी यह कलाकृति भारतीय संस्कृति, आस्था और रचनात्मकता का एक अनुपम उदाहरण बनकर सामने आई है।