Pawan singh: पवन सिंह ने परिवार और खानदान से तोड़ा रिश्ता, मां और बड़े भाई के लिए कही भावुक बात

Pawan singh: भोजपुरी अभिनेता और बिहार के MLC पवन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया। मां और बड़े भाई रानू सिंह को इससे अलग रखा।

Pawan singh: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और बिहार विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। रविवार, 29 नवंबर 2026 को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया। पवन सिंह के इस पोस्ट के सामने आने के बाद भोजपुरी फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों के बीच हलचल मच गई है।


पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में साफ लिखा कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं रहेगा। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह को इस फैसले से अलग रखा है। उनके मुताबिक, जब तक वह जिंदा हैं, मां और बड़े भाई के लिए उनकी जान हाजिर है।


'बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं'


पवन सिंह ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट की शुरुआत भोजपुरी की दो पंक्तियों से की। उन्होंने लिखा, ''जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी, सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी।'' इसके बाद उन्होंने अपने फैसले के बारे में लिखा, ''बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं और आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़ के क्षमा चाहता हूं और बता रहा हूं कि मेरा मेरे पूरे परिवार और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है।'' उनकी इस घोषणा ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। हालांकि, पवन सिंह ने पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया है कि परिवार में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद उन्होंने इतना बड़ा फैसला लिया।


मां और बड़े भाई रानू सिंह के लिए जान हाजिर


परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने की बात कहने के साथ ही पवन सिंह ने अपनी मां और बड़े भाई के प्रति प्यार भी जाहिर किया। उन्होंने लिखा, ''हां जो मुझे पैदा की है मेरी मां और मेरा सबसे बड़ा भाई रानू सिंह उसके लिए जब तक जिंदा हूं जान हाजिर है। आप सभी के परिवार का एक छोटा सा सदस्य पवन सिंह।'' इस तरह उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई को अपने फैसले से अलग रखा। पोस्ट में परिवार के अन्य सदस्यों का नाम लेकर कोई आरोप नहीं लगाया गया है और न ही विवाद की वजह बताई गई है।


ज्योति सिंह के साथ तलाक का मामला भी चर्चा में


पवन सिंह की निजी जिंदगी पिछले कुछ वर्षों से चर्चा में रही है। उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के साथ रिश्तों में तनाव है और दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा है। ज्योति सिंह ने वर्ष 2022 में तलाक के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की थी। दोनों के बीच सुलह की कोशिशें भी हुईं, लेकिन मामला नहीं सुलझ पाया। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पवन सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया था। दोनों के बीच कानूनी विवाद के कारण उनकी निजी जिंदगी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।


पहली पत्नी नीलम सिंह की मौत के बाद की थी दूसरी शादी


पवन सिंह की पहली शादी वर्ष 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद नीलम सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद पवन सिंह ने उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आने लगी थीं। अब तलाक का मामला अदालत में लंबित है। इस बीच पवन सिंह की परिवार से रिश्ता खत्म करने वाली नई पोस्ट ने उनकी निजी जिंदगी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।


पोस्ट के पीछे की वजह अभी साफ नहीं


पवन सिंह ने अपने संदेश में केवल इतना कहा है कि बर्दाश्त की सीमा पार हो गई है और वह बहुत दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने किसी खास व्यक्ति या घटना का जिक्र नहीं किया है। इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार से संबंध खत्म करने के उनके फैसले के पीछे क्या वजह है।