Bihar News : बिहार के 1.08 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में भेजे गए 1,237 करोड़ रूपये, सीएम ने कहा- हर माह जुड़ रहे 90 हज़ार से एक लाख नए लाभुक
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा बहनों सहित कुल 1 करोड़ 08 लाख 36 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा बहनों सहित कुल 1 करोड़ 08 लाख 36 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सितंबर माह के लिए प्रति व्यक्ति ₹1,100 की दर से कुल 1,237 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि सीधे पेंशनधारियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से लाभार्थी, जनप्रतिनिधि तथा जिलाधिकारी जुड़े हुए थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बताया कि राज्य में पेंशनधारियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केवल सितंबर 2026 में ही 93,835 नए योग्य लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यह व्यवस्था सुनिश्चित की है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि नियमित रूप से अंतरित कर दी जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य का कोई भी योग्य पात्र नागरिक पेंशन से वंचित न रहे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों के गांवों में जाकर सुनिश्चित करें कि सभी पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। इसके साथ ही जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे 'पंचायत विकास दिवस' के अवसर पर विशेष अभियान चलाएं और राज्य में चलने वाले स्वास्थ्य सर्वेक्षणों के दौरान भी छूट गए पात्र लाभुकों की पहचान करें।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, विधवा महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा का पूरा ध्यान रखती है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पेंशन राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 प्रति माह किया गया था, जिससे जरूरतमंदों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आया है। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' और नीतीश कुमार के 'समृद्ध बिहार' के संकल्प को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद थे।