Bihar News: गंगा का जलस्तर बढ़ते ही पीपा पुल बंद, मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बनी चुनौती, नाव बना सहारा

Bihar News: गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्यासपुर गंगा घाट पर पीपा पुल बंद कर दिया गया है। जिससे सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नाव ही मात्र सहारा बच गया है...

Pipa bridge closed - फोटो : social media

Bihar News:  बख्तियारपुर प्रखंड के ग्यासपुर गंगा घाट पर दियारा क्षेत्र के लिए जीवन रेखा माने जाने वाला पीपा पुल 18 जून की रात से खोल दिया गया है। गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते यह कदम उठाया गया, जिससे हजारों दियारा वासियों के आवागमन पर असर पड़ा है। पुल के हटने के बाद अब क्षेत्र के लोगों के लिए नाव ही एकमात्र विकल्प बचा है।

स्वास्थ्य सुविधाएं बनी बड़ी चुनौती

पीपा पुल के बंद हो जाने से स्वास्थ्य सेवा सबसे बड़ी चिंता बनकर सामने आई है। दियारा क्षेत्र में पहले से ही कोई बेहतर स्वास्थ्य केंद्र मौजूद नहीं है। अब नाव के सहारे मरीजों को मुख्य भूमि तक लाना और फिर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी गंगा का जलस्तर अधिक नहीं बढ़ा है। ऐसे में पुल को कुछ और दिनों तक चालू रखा जा सकता था। लोगों ने जर्जर पुल की मरम्मती की बजाय उसे अचानक खोलने पर नाराजगी जताई है।

प्रशासन की सफाई

इस संबंध में एसडीएम चंदन कुमार ने जानकारी दी कि हर साल 15 जून से 15 अक्टूबर तक के लिए पीपा पुल को हटाने का निर्देश होता है। हालांकि इस वर्ष यह प्रक्रिया 18 जून को की गई। उन्होंने बताया कि दियारा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए निबंधित नावों की व्यवस्था की गई है। जो क्षमता के अनुसार सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगी।

लोगों की मांग

दियारा के निवासियों ने प्रशासन से स्थायी पुल निर्माण और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल मानसून में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे जीवन प्रभावित होता है। स्थायी समाधान के बिना यह समस्या बार-बार लौटती रहेगी।


बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट