100 करोड़ से ज्यादा की दौलत, फ्रांस की डिग्री और भाजपा के गढ़ पर सियासी सर्जिकल स्ट्राइक, बांकीपुर फतह कर विधानसभा पहुंचे प्रशांत किशोर, कौन हैं पीके पढ़िए

Prashant Kishor:फ्रांस के एक कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक 49 वर्षीय प्रशांत किशोर के बारे में पढ़िए....

भाजपा के गढ़ पर सियासी सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले पीके के बारे में...- फोटो : social Media

Prashant Kishor: बिहार की राजनीति में चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने ऐसा सियासी उलटफेर किया है, जिसने वर्षों से कायम भाजपा के अभेद गढ़ को ध्वस्त कर दिया। फ्रांस के एक कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक 49 वर्षीय प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 मतों के बड़े अंतर से हराकर न सिर्फ अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की, बल्कि जन सुराज पार्टी का भी विधानसभा में खाता खोल दिया।

रोहतास जिले के कोनार गांव से ताल्लुक रखने वाले प्रशांत किशोर को 64,117 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा 44,827 वोट पर सिमट गए। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता 14,273 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस नतीजे को बिहार की बदलती सियासत और नए राजनीतिक समीकरणों का संकेत माना जा रहा है।

चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर और उनकी डॉक्टर पत्नी जाह्नवी दास के पास कुल 198 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। प्रशांत किशोर के नाम 96.07 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्ति है, जबकि उन पर 5.77 करोड़ रुपये का कर्ज भी है। उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास 101.93 करोड़ रुपये की संपत्ति है और उन पर 55 लाख रुपये का ऋण है।

हलफनामे में प्रशांत किशोर ने यह भी बताया है कि वित्त वर्ष 2020-21 से 2024-25 के दौरान उन्होंने 4.45 करोड़ रुपये आयकर और 5.58 करोड़ रुपये जीएसटी का भुगतान किया। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनकी कंपनी वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2024-25 में जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का चंदा दिया था।

बांकीपुर की यह जीत केवल एक सीट का चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में जन सुराज की औपचारिक एंट्री और प्रशांत किशोर के सियासी कद में बड़ी बढ़ोतरी के रूप में देखी जा रही है।