नीतीश कुमार CM रहते तो बांकीपुर में ऐसा नहीं होता -मोकामा विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान, बोले- जनता उन्हें हटाए जाने से नाराज थी

Bihar Politics: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान देकर बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।...

Anant Singh Bankipur Result Changed After Nitish CM Exit
बांकीपुर हार पर मोकामा विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान- फोटो : reporter

Bihar Politics: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान देकर बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते, तो बांकीपुर का चुनावी परिणाम शायद अलग होता। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता में यह संदेश गया कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया, जिससे मतदाताओं में नाराजगी देखने को मिली।

मीडिया से बातचीत में जब अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो भाजपा की हार नहीं होती, इस पर उन्होंने कहा, "बिल्कुल, ऐसा नहीं होता।" उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह धारणा बनी कि लोगों ने नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट दिया था, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। इसी वजह से जनता में नाराजगी पैदा हुई।

हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वास्तविकता कुछ और है। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि नीतीश कुमार को हटाया नहीं गया, बल्कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री पद छोड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि आम जनता की सोच अलग है और लोग यही मान रहे हैं कि जिस तरीके से सत्ता परिवर्तन हुआ, वह उचित नहीं था।

बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। उन्होंने कहा, "जिसे जनता ने वोट दिया, वह चुनाव जीत गया और जिसे जनता ने वोट नहीं दिया, वह हार गया। सीधी बात है, जनता ही मालिक होती है और वही फैसला करती है।"

दिल्ली में नीतीश कुमार के जदयू कार्यालय के निरीक्षण और उनकी बढ़ती सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि इसमें कोई परेशानी की बात नहीं है। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार जहां रहेंगे, जहां जाएंगे और जहां चुनाव लड़ेंगे, हम पूरी तरह उनके साथ हैं और आगे भी रहेंगे।"अनंत सिंह के इस बयान को बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों और बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह