आशा भोसले का निधन पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने जताई संवेदना, संगीत जगत को दिया भावुक संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आशा भोसले जी के गुज़र जाने से बहुत दुख हुआ, वे भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाज़ों में से एक थीं।

condolences on the demise of Asha Bhosle- फोटो : news4nation

Asha Bhosle : सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व० आशा भोसले प्रख्यात पार्श्व गायिका थीं। उन्हें पद्म विभूषण तथा दादा साहब फाल्के जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। 


उन्होंने का कि आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक प्रतीक के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी। उनका जाना भारतीय संगीत के एक युग का अंत है। उनका निधन देश के लिये अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।


वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आशा भोसले जी के गुज़र जाने से बहुत दुख हुआ, वे भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाज़ों में से एक थीं। दशकों तक चले उनके ज़बरदस्त म्यूज़िकल सफ़र ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को बेहतर बनाया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या जानदार कंपोज़िशन, उनकी आवाज़ में हमेशा रहने वाली चमक थी। उनके साथ हुई बातचीत को मैं हमेशा याद रखूंगा। उनके परिवार, चाहने वालों और म्यूज़िक पसंद करने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गाने हमेशा लोगों की ज़िंदगी में गूंजते रहेंगे।


बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सुप्रसिद्ध गायिका पद्मविभूषण आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि आशा भोंसले जी का जाना भारतीय संगीत और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है । वे भारत के सांस्कृतिक जगत की एक महत्त्वपूर्ण स्तंभ थीं । 20 भाषाओं में गाए गए उनके 11000 से अधिक गाने लोकप्रिय होने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं।