मुजफ्फरपुर पुलिस का तगड़ा एक्शन:पीजी हॉस्टल से चल रहा था हथियार तस्करी का धंधा, 200 कारतूस बरामद
जफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर में पुलिस ने 200 जिंदा कारतूस के साथ दो हथियार तस्करों को पकड़ा। पीजी हॉस्टल में छापेमारी के दौरान पिस्टल की मैगजीन बरामद, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश।
मुजफ्फरपुर पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) ने एक संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर जब तलाशी ली, तो उनके पास से 200 राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस भारी मात्रा में गोला-बारूद की बरामदगी ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
पीजी हॉस्टल के कमरे से मिला पिस्टल का सामान
गिरफ्तार तस्करों से जब पुलिस ने सघन पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित पीजी (PG) हॉस्टल के एक कमरे में छापेमारी की गई। पुलिस को वहां से पिस्टल की मैगजीन और पिस्टल का होलेस्टर (कवर) बरामद हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये तस्कर हॉस्टल में रहकर अपना नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये अपराधी हॉस्टल में कैसे रह रहे थे और वहां इनका साथ कौन दे रहा था।
वीसी से पत्राचार और अवैध प्रवास पर सख्ती
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। हॉस्टल में उनके अवैध रूप से रहने के मामले को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति (VC) से पत्राचार किया जाएगा ताकि हॉस्टल में रह रहे अवैध लोगों की पहचान कर उन पर नकेल कसी जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय संपर्कों की तलाश और पुलिस की अगली कार्रवाई
पुलिस अब पकड़े गए दोनों तस्करों के स्थानीय संपर्कों को खंगाल रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि मुजफ्फरपुर में उन्हें कौन संरक्षण दे रहा था और इन कारतूसों की सप्लाई कहां की जानी थी। एसएसपी के अनुसार, पुलिस की टीमें यह भी पता लगा रही हैं कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा है। फिलहाल, गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी होगी।
रिपोर्ट - मणि भूषण शर्मा