पीएम मोदी ने नई दिल्ली में 'भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026' का किया उद्घाटन, सीएम सम्राट चौधरी हुए शामिल

पीएम मोदी ने भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026' का किया उद्घाटन- फोटो : रिपोर्टर

Patna : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026' का भव्य उद्घाटन किया। इस प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विशेष रूप से शामिल हुए। यह चार दिवसीय सम्मेलन 2 से 5 नवंबर 2026 तक 'निवेश करें, नवाचार करें, प्रेरित करें' की थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और नवाचार को बढ़ावा देना है।


130 से अधिक देशों और 40 से ज्यादा मंत्रियों की हो रही है भागीदारी

इस वैश्विक शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के नीति-निर्माता, निवेशक, वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियां हिस्सा ले रही हैं। इस आयोजन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें 40 से ज्यादा देशों के मंत्री भी शामिल हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन समेत कई देश इसमें कंट्री पार्टनर के रूप में शामिल हैं।


स्वच्छ ऊर्जा, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा

यह सम्मेलन स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक भागीदारी और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों के बीच अक्षय ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीकों, अनुभवों और भविष्य की निवेश संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है।


बिहार समेत 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश कर रहे हैं अपनी क्षमता का प्रदर्शन

इस सम्मेलन में देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमता, निवेश के अवसरों और विनिर्माण क्षेत्र की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। बिहार के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे राज्य भी इसमें अपनी हिस्सेदारी निभा रहे हैं।


अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बिहार की अक्षय ऊर्जा क्षमता और निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत

इस वैश्विक आयोजन में बिहार की सक्रिय भागीदारी से राज्य की हरित ऊर्जा क्षमता, औद्योगिक विकास और निवेश के नए अवसरों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर रखने का बेहतरीन अवसर मिला है। इससे राज्य में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश आकर्षित होने के साथ-साथ तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारियों को भी विस्तार मिलने की पूरी उम्मीद है।

धीरज सिंह की रिपोर्ट