PM मोदी 21 नवंबर को बिहार को देंगे बड़ी सौगात! नीतीश सेतु का उद्घाटन सहित मिलेगा यह सब तोहफा

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम राजापाकर के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यहां जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश, नए उद्योगों की स्थापना

Narendra Modi Bihar Visit - फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। इस बार उनका दौरा कई मायनों में खास होने जा रहा है। बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के ठीक अगले दिन प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचेंगे। यहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे और बिहार को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन होगा, जिसे राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' नाम दिया है।


नीतीश सेतु के बदलेगी बिहार की कनेक्टिविटी

प्रधानमंत्री मोदी करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 9.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना को वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे इलाकों से बेहतर तरीके से जोड़ेगा। इसके चालू होने से पटना से राघोपुर और हाजीपुर की ओर आवागमन आसान होगा। लोगों को पुराने रास्तों के जाम से राहत मिलेगी और यात्रा के समय में भी कमी आएगी। इस पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में हुआ था। इसका उद्घाटन बिहार के आधारभूत ढांचे के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


वैशाली के औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम राजापाकर के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यहां जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश, नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार के अवसर पैदा करने की संभावना है। करीब 1650 एकड़ में विकसित किए जा रहे औद्योगिक कॉरिडोर को बिहार में औद्योगिक विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे से निवेशकों का ध्यान बिहार की ओर आकर्षित करने की कोशिश होगी।


कई बड़ी सौगात

इस दौरे को लेकर भागलपुर और कोसी क्षेत्र में भी उम्मीदें बढ़ी हुई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री सुल्तानगंज में प्रस्तावित अजगैवीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधारशिला रख सकते हैं। इसके अलावा कोसी नदी पर बने बिहपुर-फुलौत महासेतु के लोकार्पण की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन परियोजनाओं को लेकर अभी अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है। यदि इनकी घोषणा होती है तो शिक्षा, पर्यटन, हवाई संपर्क और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिल सकता है।


एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने पर आ रहे मोदी

प्रधानमंत्री के इस दौरे का राजनीतिक महत्व भी काफी है। 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री का आगमन सरकार की उपलब्धियों और आने वाले विकास के एजेंडे को जनता के सामने रखने का अवसर होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार इस कार्यक्रम को बड़े आयोजन के रूप में तैयार कर रही है।


35 वरिष्ठ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी, एनडीए ने भी झोंकी ताकत

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 35 वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। ये अधिकारी 17 नवंबर से वैशाली में रहकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों की निगरानी करेंगे। जाफरपट्टी में समीक्षा बैठक भी हो चुकी है। उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत एनडीए के नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है। गठबंधन के सभी पांच घटक दल बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जुटाने में लगे हैं।


आखिरी बार कब आए थे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार में पिछला आधिकारिक दौरा 7 मई 2026 को पटना में हुआ था। उस दिन वे बिहार सरकार के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। इससे पहले 24 अप्रैल 2026 को वे मधुबनी आए थे, जहां राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ 13,480 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।


ऐसे में 21 नवंबर का दौरा बिहार के लिए बुनियादी ढांचे, औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजरें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर टिकी हैं कि नीतीश सेतु और औद्योगिक क्षेत्र के अलावा बिहार के लिए किन नई परियोजनाओं की घोषणा होती है।