गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर PMC की व्यापक तैयारी, पूरी व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए 50 टीमों का गठन
Bihar News : कल 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैंदान में होने वाले बिहार मंत्रिमंडल विस्तार एवं नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए पटना नगर निगम ने व्यापक तैयारी की है...
Patna : बिहार मंत्रिमंडल विस्तार एवं नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। इस महत्वपूर्ण राजकीय समारोह को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए पटना नगर निगम ने व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार किया है। नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के नेतृत्व में निगम की पूरी टीम कार्यक्रम स्थल पर तैनात कर दी गई है। समारोह के दौरान साफ-सफाई से लेकर पेयजल और आपातकालीन जल निकासी के लिए निगम ने विशेष संसाधनों की झोंक दिया है।
स्वच्छता के लिए 50 टीमों का गठन
कार्यक्रम परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने 300 से अधिक अनुभवी सफाई कर्मियों की विशेष तैनाती की है। पूरी व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए 50 टीमों का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व विभिन्न वार्डों के प्रभारी सफाई निरीक्षक कर रहे हैं। नूतन राजधानी और पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को इसकी सतत निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा और अनुशासन के मद्देनजर, तैनात किए गए सभी कर्मियों को विशेष पहचान पत्र भी जारी किए गए हैं।
संभावित बारिश के लिए 'सुपर सकर' तैनात
मौसम के मिजाज को भांपते हुए नगर निगम ने जल निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। यदि समारोह के दौरान वर्षा होती है, तो त्वरित जल निकासी के लिए पांच अत्याधुनिक सुपर सकर मशीनें और चार मिनी सक्शन मशीनें कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त, रामगुलाम चौक और मैदान के भीतर भारी क्षमता वाले 83 एचपी और 22 एचपी के पंप सेट लगाए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में परिसर के भीतर जलजमाव न हो सके और समारोह निर्बाध रूप से संपन्न हो।
पेयजल और जन सुविधाओं का विस्तार
समारोह में आने वाले आमजन और अतिथियों के लिए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए चार 'निगम नीर' वाहन और आठ वाटर टैंकरों को परिसर के विभिन्न हिस्सों में लगाया गया है। गेट संख्या 7 और 10 पर स्थित प्याऊ से लगातार पानी की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही, महिलाओं की सुविधा के लिए तीन 'पिंक टॉयलेट' और आगंतुकों के लिए पांच 'लू कैफे' स्थापित किए गए हैं, जिनकी नियमित सफाई के लिए निगम कर्मियों को शिफ्टों में तैनात किया गया है।
आपात स्थिति के लिए निगम अलर्ट
नगर निगम प्रशासन का मुख्य उद्देश्य समारोह को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। सभी वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कार्यक्रम के समापन तक मैदान में डटे रहें। निगम की यह चाक-चौबंद व्यवस्था न केवल वीआईपी अतिथियों बल्कि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए बैकअप टीमें भी रिजर्व में रखी गई हैं।
वंदना की रिपोर्ट