Bihar News: बिहार की सड़कों पर 'लेडी सिंघम' रहेंगी तैनात! स्कूल-कॉलेज के गेट पर स्कूटी से पहुंचेंगी 'पुलिस दीदी', सीएम सम्राट का नया प्लान

सीएम सम्राट चौधरी बिहार की बागडोर संभालने के बाद से ही एक्शन मोड में है। इसी बड़ी में सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 4700 स्कूटी और बाइक खरीदने को मंजूरी दी है। इसके तहत स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय गेट पर स्कूटी सवार पुलिस दीदी तैनात रहेंगी। दरअसल, स्कूलों और कॉलेजों के बाहर छात्राओं के साथ होने वाली छेड़खानी और असुरक्षा की खबरों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। अब शिक्षण संस्थानों की छुट्टी के समय गेट पर 'स्कूटी सवार पुलिस दीदी' तैनात रहेंगी। 

रोड पर छात्रों के लिए रहेंगे लेडी सिंघम 

यह विशेष दस्ता न केवल संदिग्ध लोगों पर नजर रखेगा, बल्कि छात्राओं को सुरक्षित महसूस कराने के लिए उनके साथ निरंतर संवाद भी करेगा। त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इन महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी दी गई है, ताकि वे भीड़भाड़ वाली गलियों में भी मनचलों का पीछा कर सकें। प्रशासन का उद्देश्य बेटियों को एक निर्भीक वातावरण प्रदान करना है। 

पूरे बिहार में तैनात होंगे 4700 वाहन

जानकारी अनुसार राज्य में ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को हाईटेक और अधिक सक्रिय बनाने के लिए 4700 स्कूटी और बाइक खरीदने को मंजूरी दी गई है। सरकार की इस योजना के तहत करीब 66.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों की गतिशीलता बढ़ाना है, ताकि वे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में तेजी से पहुंचकर तत्काल कार्रवाई कर सकें। महिला पुलिसकर्मियों के लिए 1500 स्कूटी, अन्य पुलिस बल के लिए  3200 मोटरसाइकिल खरीदा जाएगा। कुल 4700 वाहन राज्यभर में तैनात किए जाएंगे। 

स्कूल-कॉलेज के बाहर ‘पिंक पेट्रोलिंग’

नई व्यवस्था के तहत ‘पुलिस दीदी’ स्कूटी और बाइक से नियमित गश्त करेंगी। उनकी तैनाती खासतौर पर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास होगी, जहां छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है। गर्ल्स स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान मुख्य फोकस रहेगा। वर्दी और सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई होगी। छात्राओं को मौके पर ही सुरक्षा और सहायता मिलेगी।