Bihar News: मोकामा विधानसभा के पंडारक में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी सरेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में पटना से सटे बाढ़ से भी बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां हथियार के बल पर फसलों की कटाई की जा रही है।

हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार - फोटो : reporter

Bihar News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में हथियार के बल पर फसल कटाई के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक थानाध्यक्ष नवनीत राय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए नरेश महतो (55) को गिरफ्तार किया गया।

हथियार के बल पर कर रहे थे फसल कटाई

उसके पास से दो देशी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने सहयोगी के साथ मिलकर दियारा क्षेत्र में हथियार के दम पर फसल कटवा रहा था। छापेमारी के दौरान दूसरा आरोपी सुधीर यादव फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की मुठभेड़ों के बावजूद दियारा इलाके में फसल लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालिया कार्रवाई भी इसी कड़ी में की गई है।

हथियार कारतूस बरामद 

वहीं, एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि एक आरोपी को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस अवैध रुप से फसलों की कटाई पर रोक लगाने में जुटी हुई है। 

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट