खामोश! बंगाल में नहीं चलेगी BJP की साजिश! – शत्रुघ्न सिन्हा ने चुनाव आयोग को घेरा, ममता को बताया देश का रोल मॉडल

तृणमूल कांग्रेस के फायरब्रांड सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि बंगाल में किसी भी तरह की राजनीतिक साजिश कामयाब नहीं होगी, क्योंकि यहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का 'मजबूत किला' है।

Patna -: 'शॉटगन' के नाम से मशहूर तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक फेरबदल और मतदाता सूची से लाखों नाम काटे जाने को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिन्हा ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए साफ किया कि बंगाल में "महाराष्ट्र या बिहार वाला खेल" मुमकिन नहीं है। उन्होंने 51 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को देश के लिए विकास का असली 'रोल मॉडल' बताया।

प्रशासनिक फेरबदल पर तल्ख तेवर

पश्चिम बंगाल में सात बड़े अधिकारियों के तबादले और मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ के आरोपों ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह जल्द ही खुद बंगाल जाकर जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हार के डर से संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

ममता बनर्जी: विकास की 'दीदी' और 'माँ' 

सिन्हा ने ममता बनर्जी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि आज पूरा देश बंगाल की योजनाओं का अनुसरण कर रहा है। 'स्वास्थ्य साथी' जैसी क्रांतिकारी योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने न केवल महिलाओं और आदिवासियों को सशक्त बनाया है, बल्कि वह युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं। उन्होंने कहा, "ममता जी ने बंगाल की जनता के लिए माँ और दीदी दोनों की भूमिका निभाई है।"

लोकतंत्र बनाम तानाशाही 

मतदाता सूची से 51 लाख नाम काटे जाने के मुद्दे पर सिन्हा ने इसे 'शर्मनाक' बताया। उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव आयोग और बीजेपी के बीच 'साठगांठ' का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि टीएमसी इस तानाशाही के खिलाफ सड़क से लेकर अदालत तक जंग लड़ेगी। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि बंगाल में तृणमूल का कोई विकल्प नहीं है और बीजेपी की कोई भी रणनीति यहाँ की मिट्टी में कामयाब नहीं होगी।

Report - Ranjit kumar