Bihar Politics: बिहार में सत्ता का महाभूकंप, नए मुख्यमंत्री के ऐलान से पहले लगाए गए पोस्टर,निशांत के समर्थन में राजधानी में पोस्टर वार,नेतृत्व चयन से पहले बढ़ी सियासी हलचल

नीतीश कुमार के आवास के बाहर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। पोस्टर में लिखा गया हैृ“क्यों करें हम, दूसरे पर विचार… लोकनाथ के तीर तरकश में मौजूद हैं…

क्यों करें हम, दूसरे पर विचार… - फोटो : social Media

Bihar Politics: पटना की सरज़मीं पर इस वक्त सियासी गहमागहमी अपने चरम पर है। नई सरकार के गठन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और आज का दिन बिहार की सियासत में ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है। एक तरफ जहां नीतीश कैबिनेट की आख़िरी बैठक बुलाई गई है, वहीं दूसरी तरफ सत्ता के नए समीकरणों की बिसात बिछाई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के बाद नीतीश कुमार अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यपाल को सौंप सकते हैं। इसके साथ ही 20 साल के सियासी दौर का एक अध्याय औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा और नई सरकार की कवायद तेज हो जाएगी। इस्तीफे के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

इसी बीच पटना की सियासत में पोस्टर वार ने माहौल को और गरमा दिया है। नीतीश कुमार के आवास के बाहर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। इस पोस्टर में उनके पुत्र निशांत कुमार को अहम जिम्मेदारी देने की मांग की गई है। पोस्टर में लिखा गया हैृ“क्यों करें हम, दूसरे पर विचार… लोकनाथ के तीर तरकश में मौजूद हैं… युवा नेतृत्व निशांत कुमार… निशांत निश्चय… नीतीश जी का मिशन अधूरा, निशांत कुमार ही करेंगे पूरा।”

यह संदेश न सिर्फ भावनात्मक अपील के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इसे भविष्य की राजनीतिक रणनीति और उत्तराधिकार की संभावनाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बिहार की सियासत में यह पोस्टर अब चर्चा का बड़ा केंद्र बन गया है।उधर, राजनीतिक हलचल सिर्फ पोस्टर तक सीमित नहीं है। नीतीश कुमार आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में विजय कुमार सिन्हा और अशोक चौधरी जैसे नेता भी शामिल हुए, जिससे यह साफ है कि सत्ता परिवर्तन के बीच भी राजनीतिक एकजुटता और औपचारिकता दोनों साथ-साथ चल रही हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह पूरा घटनाक्रम केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि भविष्य की नेतृत्व व्यवस्था और राजनीतिक संदेशों का संगम है। एक तरफ पुराने नेतृत्व का औपचारिक समापन हो रहा है, तो दूसरी तरफ नए चेहरे और नई रणनीति की तैयारी जोर पकड़ रही है।कुल मिलाकर, बिहार की राजनीति इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां हर बैठक, हर पोस्टर और हर बयान आने वाले दिनों की सत्ता संरचना तय कर सकता है। पटना की सड़कों से लेकर राजभवन तक सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है बिहार की कमान अब किसके हाथों में जाएगी?

रिपोर्ट- अभिजीत कुमार