पटना के चर्चित सोनू-मोनू के अधिवक्ता पिता प्रमोद सिंह गिरफ्तार, इस मामले पुलिस को थी तलाश
Patna : जिले के पचम्हला थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने कुख्यात सोनू और मोनू के पिता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार किया है। पेशे से अधिवक्ता प्रमोद सिंह लंबे वक्त से पुलिस से फरार चल रहे थे। पंचमहला थाना कांड संख्या 27/ 2026 में प्रमोद सिंह नामजद आरोपी हैँ। पुलिस के अनुसार इसने जब्त की गई एक बाइक को 15/20 आदमी के साथ मिलकर पुलिस से जबरन छुड़ा लिया था। तभी से फरार चल रहे थे। परंतु आज घर पर इनके उपस्थिति की सूचना पर एसडीपीओ रामकृष्ण, सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार, मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार, हाथीदह थानाध्यक्ष, अभिषेक कुमार सिंह, मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और पंचमहला थानाध्यक्ष बिनोद कुमार समेत पुलिस बलों ने प्रमोद सिंह को उनके निजी आवास से गिरफ्तार कर लिया है।
अनंत सिंह से अदावत के कारण चर्चा में रहे हैं सोनू-मोनू
हिरासत में लिए गए प्रमोद सिंह के बेटे सोनू और मोनू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे इलाके के कई गंभीर मामलों में नामजद अभियुक्त हैं। दोनों भाइयों की मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह के साथ पुरानी और गहरी अदावत (दुश्मनी) रही है। इस गैंगवार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई के कारण मोकामा और आस-पास के क्षेत्रों में लंबे समय से तनाव का माहौल बना रहता है, जिस पर पुलिस पैनी नजर रखती है।
पिछले वर्ष दोनों गुटों में हुई थी ताबड़तोड़ गोलीबारी
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अनंत सिंह गुट और सोनू-मोनू गुट के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई थी। इस भीषण गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था। तत्कालीन कार्रवाई के तहत पुलिस ने बाहुबली अनंत सिंह और विरोधी गुट के सोनू व मोनू दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अधिवक्ता की गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिसिया चौकसी तेज
पेशे से वकील और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बेटों के पिता प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय वकीलों और शुभचिंतकों की नजर पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी है। पचम्हला थाना पुलिस विधिक प्रक्रियाओं के तहत मामले की जांच कर रही है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के पीछे क्या मंशा थी। वहीं, किसी भी संभावित तनाव या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
रवि शंकर की रिपोर्ट