बांकीपुर उपचुनाव से पहले पूरी रात हाई वोल्टेज ड्रामा: जन सुराज नेताओं की 'गिरफ्तारी' के विरोध में थाने पहुंचे प्रशांत किशोर, पुलिस से तीखी नोकझोंक

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज, 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतदान है, जो निर्धारित समय तक चलेगा। इसके पहले जनसुराज नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पीके और पुलिस में खूब बहस हुई।

जनसुराज- फोटो : News4nation

Bankipur : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक एक रात पहले राजधानी पटना में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस द्वारा गैरकानूनी तरीके से उठाए जाने का आरोप लगाया। बुधवार देर रात पीके जक्कनपुर थाना पहुंच गए, जहां वे दो घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहे। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई।

कई नेताओं की गिरफ्तारी

प्रशांत किशोर का आरोप है कि पटना पुलिस और एसआईटी (एसटीएफ) ने जन सुराज के करीब 16 से 20 नेताओं और कार्यकर्ताओं को बिना किसी वैध कारण के हिरासत में लिया है। उनका कहना है कि पुलिस यह भी नहीं बता रही कि इन लोगों को कहां रखा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में वे देर रात जक्कनपुर थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा।

थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों और प्रशांत किशोर के बीच काफी देर तक बहसबाजी होती रही। पीके करीब दो घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठे रहे और अपने नेताओं के बारे में जानकारी देने की मांग करते रहे। मौके पर बड़ी संख्या में जन सुराज के समर्थक भी जुट गए, जिससे देर रात तक इलाके में गहमागहमी का माहौल बना रहा।

प्रशांत किशोर ने इस पूरी कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "हार के डर से हताश भाजपा ने अंतिम हथियार के तौर पर अब पुलिस का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। भाजपा का यही चाल, चरित्र और चेहरा है, जिसे पूरा बांकीपुर और पूरा बिहार देख रहा है। जन सुराज के कार्यकर्ताओं को गैरकानूनी तरीके से उठा लिया गया है और यह भी नहीं बताया जा रहा कि वे कहां हैं। लोकतंत्र में इस तरह की कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"

पीके ने आरोप लगाया कि मतदान से ठीक पहले विपक्षी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर चुनावी माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जन सुराज इस तरह की कार्रवाई से डरने वाला नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया जाएगा। उधर, पुलिस की ओर से देर रात तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।  

आज सुबह 7 बजे से मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज, 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतदान है, जो निर्धारित समय तक चलेगा। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल, अर्द्धसैनिक बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इस उपचुनाव में भाजपा, जन सुराज, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस सहित अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।