प्रशांत किशोर ने DGP विनय कुमार से की मुलाकात, बांकीपुर की इन समस्याओं पर कार्रवाई की मांग की

बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने शपथ ग्रहण के बाद पहली बार बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डीजीपी से मुलाकात की। पीके ने अपने विधान सभा क्षेत्र के समस्याओं से डीजीपी को अवगत कराते हुए उनपर का्र्रवाई का आग्रह किया.....

डीजीपी से मिले प्रशांत किशोर- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बांकीपुर विधायक सह जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शपथ ग्रहण के बाद पहली बार बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचकर राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक विभिन्न प्रशासनिक व स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।


बांकीपुर की लॉ एंड ऑर्डर और ट्रैफिक व्यवस्था पर ध्यान आकर्षित 

मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक प्रशांत किशोर ने बताया कि उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं से डीजीपी को अवगत कराया है। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में कानून व्यवस्था (Law & Order) को सुदृढ़ करने, यातायात व्यवस्था में सुधार लाने और एक प्रभावी ट्रैफिक रेगुलेटरी सिस्टम लागू करने की मांग रखी।


पार्किंग, वेंडिंग और नशाखोरी पर सख्त कदम उठाने की मांग 

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर क्षेत्र में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और वेंडिंग (स्ट्रीट वेंडर्स) के लिए सही नीति बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने बांकीपुर के युवाओं में तेजी से बढ़ते 'सूखे नशे' (ड्रग्स) के प्रचलन पर गंभीर चिंता जताई और इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से कठोर व त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।


डीजीपी ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा 

विधायक ने कहा कि डीजीपी विनय कुमार ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और बांकीपुर की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन तथा नशा मुक्ति अभियान को लेकर जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।


पटना से अनिल की रिपोर्ट