प्रयागराज-हावड़ा रूट की 10 ट्रेनों का छिना सुपरफास्ट का दर्जा, ट्रेन नंबर भी बदला, कुंभ, उपासना, हिमगिरी, विभूति सहित इनका कम होगा किराया
फैसले के दायरे में प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस, हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस, हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस सहित कुल 10 ट्रेनें शामिल हैं।
Rail News : प्रयागराज-हावड़ा रूट की प्रमुख ट्रेनों समेत कुल 10 ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा हटाने का फैसला लिया गया है। इनमें विभूति एक्सप्रेस और नेताजी एक्सप्रेस भी शामिल हैं। वहीं कुंभ और उपासना जैसे प्रीमियम ट्रेनें भी शामिल हैं। ये ट्रेनें सुपरफास्ट श्रेणी में नहीं रहेंगी, जिससे यात्रियों को किराए में राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, सुपरफास्ट का दर्जा समाप्त होते ही इन ट्रेनों से लिया जाने वाला अतिरिक्त सुपरफास्ट शुल्क खत्म हो जाएगा। फिलहाल सुपरफास्ट ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूला जाता है। यह शुल्क हटने के बाद सभी श्रेणियों का किराया कम हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक, 13 से 16 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही कुछ ट्रेनों के नंबर में भी बदलाव किया जाएगा।
इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
फैसले के दायरे में प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस, हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस, हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस सहित कुल 10 ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इन ट्रेनों की रफ्तार और स्टॉपेज सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों के समान होने के बावजूद इन्हें सुपरफास्ट श्रेणी में रखा गया था। लंबे समय से यात्री संगठनों की ओर से इनका सुपरफास्ट दर्जा हटाने की मांग की जा रही थी।
किराए में मिलेगी राहत
सुपरफास्ट का दर्जा हटने के बाद यात्रियों को प्रति टिकट अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। इससे खासकर स्लीपर और एसी श्रेणी के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।रेलवे का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अप्रैल से लागू होने वाले इस बदलाव से बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन ट्रेनों का बदला नम्बर
प्रयागराज रामबाग–हावड़ा विभूति एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12334 है, जिसे बदलकर 13048 किया जाएगा। यह बदलाव 14 अप्रैल से प्रभावी होगा। हावड़ा–प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12333 है, नया नंबर 13047 होगा। यह 13 अप्रैल से लागू होगा। हावड़ा–कालका नेताजी एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 12311 है, जिसे 13051 किया जाएगा। यह परिवर्तन 13 अप्रैल से प्रभावी होगा। कालका–हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12312 है, नया नंबर 13052 होगा। यह 15 अप्रैल से लागू होगा।
वहीं हावड़ा–देहरादून उपासना एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12327 है, जिसे बदलकर 13035 किया जाएगा। यह 14 अप्रैल से प्रभावी होगा। देहरादून–हावड़ा उपासना एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 12328 है, नया नंबर 13035 होगा। यह 15 अप्रैल से लागू होगा। हावड़ा–देहरादून कुंभ एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12369 है, जिसे 13037 किया जाएगा। यह 13 अप्रैल से प्रभावी होगा। देहरादून–हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 12370 है, नया नंबर 13038 होगा। यह 14 अप्रैल से लागू होगा। हावड़ा–जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस का मौजूदा नंबर 12331 है, जिसे बदलकर 13041 किया जाएगा। यह 14 अप्रैल से प्रभावी होगा। जम्मूतवी–हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 12332 है, नया नंबर 13042 होगा। यह परिवर्तन 16 अप्रैल से लागू होगा।