आईटीएमएस परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर विश्वेश्वरैया भवन में प्री-बिड बैठक, 500 स्थानों पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे

सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को आधुनिक व तकनीक आधारित बनाने के परिवहन विभाग आईटीएमएस परियोजना लागू की जा रही है....

बिहार में आईटीएमएस परियोजना होगी लागू - फोटो : धीरज पराशर

Patna : बिहार में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को आधुनिक व तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) परियोजना लागू की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन के सभाकक्ष में परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर प्री-बिड बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 30 से अधिक प्रतिष्ठित एजेंसियों एवं ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (ओईएम) कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


तकनीकी पहलुओं, कार्यान्वयन मॉडल और निविदा शर्तों पर हुआ विचार-विमर्श

बैठक के दौरान विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने परियोजना के तकनीकी स्वरूप, कार्यान्वयन मॉडल, तकनीकी आवश्यकताओं और आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव व अनुभव साझा किए। एजेंसियों द्वारा निविदा की शर्तों एवं तकनीकी प्रावधानों को लेकर पूछे गए प्रश्नों पर विभाग की ओर से आवश्यक जानकारी और स्पष्टीकरण दिया गया।


उच्च जोखिम वाले कॉरिडोर व दुर्घटना संभावित 500 स्थानों पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे

परियोजना के अंतर्गत राज्य के 500 स्थानों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तकनीक से लैस आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। इन्हें उच्च जोखिम वाले सड़क कॉरिडोर, दुर्घटना संभावित स्थलों तथा अन्य अहम स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। इन कैमरों से वाहनों की नंबर प्लेट की स्वचालित पहचान कर यातायात नियमों के उल्लंघन की निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे नियम तोड़ने वाले चालकों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।


पीपीपी मोड पर 10 वर्षों तक संचालन और रख-रखाव की होगी जिम्मेदारी

योजना के तहत चयनित मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर द्वारा आईटीएमएस के डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, क्रियान्वयन, एकीकरण और कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। वहीं, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर अगले 10 वर्षों तक इसके संचालन एवं रख-रखाव की जिम्मेदारी चयनित एजेंसी की रहेगी।


तकनीक आधारित यातायात प्रबंधन से सड़क सुरक्षा को मिलेगी मजबूती: अधिकारी

परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि आईटीएमएस परियोजना राज्य में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में अहम कदम है, और 500 स्थानों पर एएनपीआर कैमरे लगने से नियमों के उल्लंघन की प्रभावी निगरानी संभव होगी। वहीं, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने कहा कि इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान एवं इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।


धीरज पराशर की रिपोर्ट