News Rules: 1 अप्रैल से महंगाई का लगेगा बड़ा झटका, टैक्स से टोल तक बदले नियम, रेल यात्रियों के लिए भी नियम सख्त, आम आदमी की जेब पर सीधा वार
News Rules: 1 अप्रैल 2026 से कई ऐसे अहम बदलाव लागू होंगे, जिनका असर सीधे आम आदमी की जेब, सफर और रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर पड़ेगा।
News Rules:नए वित्त वर्ष 2026-27 की दस्तक के साथ ही देश की आर्थिक तस्वीर में बड़ा इंकलाब आने जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से कई ऐसे अहम बदलाव लागू होंगे, जिनका असर सीधे आम आदमी की जेब, सफर और रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर पड़ेगा। सबसे बड़ा बदलाव है 65 साल पुराने आयकर कानून की विदाई और नए आयकर कानून-2025 का आगाज़।
इस नए कानून के तहत अब पुराना Form 16 इतिहास बनने जा रहा है और उसकी जगह Form 130 लेगा। यह नया फॉर्म टीडीएस सर्टिफिकेट का एडवांस वर्जन होगा, जिसमें तीन हिस्सों में पूरी जानकारी दर्ज होगी पहले भाग में नियोक्ता और टैक्सदाता की डिटेल, दूसरे में आय और टीडीएस, और तीसरे में टैक्स की पूरी गणना। सरकार का दावा है कि इससे टैक्स फाइलिंग ज्यादा आसान और पारदर्शी हो जाएगी।
सड़क सफर करने वालों के लिए भी एक झटका तैयार है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने फास्टैग वार्षिक पास की फीस में 75 रुपये का इजाफा कर दिया है। अब यह पास 3,075 रुपये में मिलेगा और देशभर के करीब 1,150 टोल प्लाजा पर मान्य रहेगा। साथ ही, नेशनल हाईवे पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद करने की तैयारी है यानी अब डिजिटल पेमेंट ही आखिरी रास्ता होगा।
रेल यात्रियों के लिए भी नियम सख्त हो रहे हैं। अब ट्रेन छूटने से 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर ही फुल रिफंड मिलेगा। 72 से 24 घंटे के बीच कैंसिल करने पर 25 फीसदी कटौती तय है यानी देर की तो जेब ढीली।
उधर, अंतरराष्ट्रीय तनाव खासकर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जंग का असर हवाई सफर पर भी दिखेगा। एविएशन टरबाइन फ्यूल महंगा होने की आशंका है, जिससे फ्लाइट टिकट की कीमतें आसमान छू सकती हैं। ऑटो सेक्टर भी पीछे नहीं है। टाटा मोटर्स, Mercedes-Benz India और Audi जैसी कंपनियां गाड़ियों के दाम में करीब 2 फीसदी तक बढ़ोतरी करने जा रही हैं।
इसके अलावा, अब सिर्फ आधार कार्ड से पैन बनवाना मुमकिन नहीं होगा। 10वीं की मार्कशीट या पासपोर्ट देना अनिवार्य होगा, और 10 लाख से ऊपर के लेन-देन में पैन जरूरी रहेगा। 1 अप्रैल से नया साल नहीं, बल्कि आम आदमी के लिए नए खर्चों और नए नियमों का इम्तिहान शुरू होने जा रहा है।