बिहार के इस सीनियर IAS अधिकारी की शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नति : पद बना अपर मुख्य सचिव स्तर के समकक्ष, अधिसूचना जारी

बिहार कैडर के सीनियर आईएएस अधिकारी सी.के अनिल को शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नत किया गया है। इस संबंध मे सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है.....

Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 1991 बैच के वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी सी. के. अनिल को शीर्ष वेतनमान में प्रोन्नति प्रदान की है। इस संबंध में विभाग द्वारा 11 अगस्त 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।


भारत सरकार के निर्देशों के आलोक में मिली प्रोन्नति

जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी के पद पर कार्यरत सी. के. अनिल को यह प्रोन्नति कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार के पत्रांक के निर्देशों के आलोक में प्रभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी की गई है। राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से यह अधिसूचना जारी की गई है।


पद को अपर मुख्य सचिव स्तर के समकक्ष घोषित किया गया

अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि सी. के. अनिल के पदस्थापन काल तक उनके द्वारा धारित बिहार राज्य योजना परिषद के 'परामर्शी' पद को IAS (वेतन) नियमावली, 2016 के नियम-12(1) के तहत 'अपर मुख्य सचिव' स्तर के समकक्ष घोषित किया जाता है।


वेतन निर्धारण का विकल्प चुनने की मिली सुविधा

प्रोत्साहन नियम FR 22(1)(a)(2) के प्रावधानों के तहत प्रोन्नत अधिकारी को एक माह के भीतर नए पद पर अपने वेतन निर्धारण हेतु नियमानुसार विकल्प प्रयोग करने की स्वतंत्रता दी गई है। इस अधिसूचना की प्रतिलिपि संबंधित सभी मंत्रालयों, विभागों, मुख्य सचिव कार्यालय, राज्यपाल सचिवालय और संबंधित अधिकारियों को सूचना व आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।