दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर यात्रियों को राहत, सियालदह-पटना के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

सियालदह से पटना के लिए ट्रेन संख्या 03135 अक्टूबर में 13, 20 और 27 तारीख तथा नवंबर में 3, 10, 17 और 24 तारीख को चलेगी। सियालदह से यह ट्रेन रात 12:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचेगी।

Sealdah-Patna Puja special train- फोटो : news4nation

Rail News :  दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सियालदह और पटना के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 03135/03136 सियालदह–पटना–सियालदह स्पेशल अक्टूबर और नवंबर 2026 में कुल 7-7 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को दोनों दिशाओं में संचालित होगी।


रेलवे के अनुसार, सियालदह से पटना के लिए ट्रेन संख्या 03135 अक्टूबर में 13, 20 और 27 तारीख तथा नवंबर में 3, 10, 17 और 24 तारीख को चलेगी। सियालदह से यह ट्रेन रात 12:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचेगी।


रास्ते में ट्रेन नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर, फतुहा और पटना साहिब समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03136 पटना–सियालदह स्पेशल राजेंद्र नगर से शाम 4:40 बजे रवाना होगी। यह पटना साहिब, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल और बर्द्धमान होते हुए बुधवार सुबह 7:30 बजे सियालदह पहुंचेगी।


22 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 एसी 3-टियर, 10 स्लीपर, 6 सामान्य/अनारक्षित और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।


त्योहारों के दौरान बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर और पटना से सफर करने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।