Bihar Crime:बिहार में 112 के चालक पर लोहे के रॉड से हमला, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Bihar Crime: 112 आपात सेवा के चालक बलवंत कुमार सिंह पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: बांका पंजवारा थाना क्षेत्र के रामकोल के पास शनिवार सुबह 112 आपात सेवा के चालक बलवंत कुमार सिंह पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में चालक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल चालक का इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 112 आपात सेवा की गाड़ी रामकोल के पास खड़ी थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी फंटूस यादव किसी बात को लेकर चालक बलवंत कुमार सिंह से उलझ गया। दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। चालक द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से चालक लहूलुहान हो गए।घटना के बाद 112 वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद घायल चालक को तत्काल पंजवारा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीएचसी बाराहाट रेफर कर दिया।
हमलावर के विक्षिप्त होने की भी चर्चा
घटना के संबंध में यह भी जानकारी सामने आई है कि हमलावर मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि आरोपी की मेडिकल जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 112 सेवा के चालक के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट