Bihar Budget 2026: सवाल- CHC के मानक क्या हैं? जवाब- अगले वित्तीय वर्ष में हो जाएगा.. उत्तर सुनते ही सदन में गूंजे ठहाके, नीतीश सरकार की किरकिरी

Bihar Budget 2026: सदन में भाजपा विधायक नीतीश मिश्रा ने अपने ही सरकार से कई बड़े सवाल किए। जिसके जवाब में प्रभारी मंत्री ने कुछ और ही जवाब देने लगे। सदन में आज नीतीश सरकार की किरकिरी हुई...

प्रभारी मंत्री के जवाब से बवाल - फोटो : News4nation

Bihar Budget 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बिहार विधानसभा में आज स्वास्थ्य से सवालों का जवाब दिया जा रहा है। इसी बीच सत्ताधारी दल के विधायक ने अपने ही सरकार को घेरा है। विधानसभा में  बीजेपी विधायक नीतीश मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मानकों को लेकर सवाल पूछा कि एक CHC में कितने डॉक्टर, नर्स और स्टाफ होने चाहिए।

सवाल कुछ जवाब कुछ

इस सवाल पर प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी खड़े हुए और कहने लगे कि अगले वित्तीय वर्ष में हो जाएगा। उनका जवाब सुनते ही सदन में ठहाके गूंज उठे। स्थिति संभालने के लिए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बार-बार उन्हें समझाते नजर आए, लेकिन मंत्री स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

नीतीश मिश्रा के तीखे सवाल 

इसके बाद नीतीश मिश्रा ने पूरक सवाल करते हुए कहा कि जब पहले से 20 बेड की व्यवस्था है और वहां पर्याप्त मैनपावर नहीं है, तो फिर नया इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों बनाया गया। क्या इसे जर्जर होने के लिए छोड़ दिया गया है? नीतीश मिश्रा के तीखे सवालों से प्रभारी मंत्री घिर गए। मामला बिगड़ता देख उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोर्चा संभाला और कहा कि वर्ष 2025 में पद स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही नियुक्ति की जाएगी। सरकार इस मामले में विस्तृत जवाब देगी। जिसके बाद विधायक शांत हुए और सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।

पटना से रंजन की रिपोर्ट