पत्नी को वीडियो कॉल और मौत का इंतज़ार: मुजफ्फरपुर में बेरोज़गारी ने युवक पटरी पर लेटा युवक,राहगीरों ने फरिश्ता बन बचाई जान
बिहार के मुजफ्फरपुर में बेरोजगारी और पत्नी के तानों से तंग आकर एक युवक रेलवे ट्रैक पर लेट गया. सुसाइड से पहले उसने पत्नी को वीडियो कॉल भी किया. मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पटरी से हटाकर जान बचाई.
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक ने बेरोजगारी और घरेलू कलह से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। सिकंदरपुर क्षेत्र का रहने वाला यह युवक मुजफ्फरपुर-रामदयालु नगर रेलखंड पर पटरी के बीचों-बीच लेट गया। वह मौत का इंतजार कर रहा था, लेकिन तभी वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने देवदूत बनकर तुरंत उसे ट्रैक से खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और युवक को नई जिंदगी मिली।
पत्नी को वीडियो कॉल कर दी जान देने की चेतावनी
घटना के समय युवक मानसिक रूप से इस कदर हताश था कि उसने पटरी पर लेटने के बाद अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया। वायरल वीडियो में वह ट्रैक पर लेटा हुआ मोबाइल फोन दिखा रहा है और रोते हुए कह रहा है कि वह ट्रेन से कटकर जान दे देगा। युवक का यह आत्मघाती कदम पूरी तरह से हताशा का परिणाम था, जिसकी सूचना वीडियो कॉल के जरिए उसने खुद अपने परिवार को दी थी।
बेरोजगारी और तानों ने तोड़ा युवक का हौसला
ट्रैक से सुरक्षित हटाए जाने के बाद युवक ने अपना दर्द बयां किया। उसने बताया कि लंबे समय से बेरोजगार होने के कारण वह परिवार की जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहा था। उसका आरोप है कि घर में पत्नी उसे बात-बात पर ताने देती थी और कई बार उसे खाना तक नहीं दिया जाता था। इस अपमान और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने आत्महत्या का रास्ता चुना था। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की काउंसलिंग की और उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित घर वापस भेज दिया।