पटना में आंधी-पानी का कहर, CM आवास और RJD दफ्तर के बाहर गिरे पेड़, तेजस्वी यादव बाल बाल बचे
Rain and storm wreak havoc Patna : पटना में शुक्रवार दोपहर बाद आए तेज आंधी-पानी ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिरने से यातायात भी बाधित रहा।
सबसे ज्यादा असर मुख्यमंत्री आवास क्षेत्र में देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया। वहीं मुख्यमंत्री आवास के पीछे स्थित लालू प्रसाद यादव आवास के बाहर भी दर्जनों पेड़ गिरने की खबर है। पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
इधर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय परिसर में भी एक बड़ा पेड़ गिर गया। बताया जा रहा है कि उस समय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने चैंबर में मौजूद थे। अचानक पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही वे तत्काल मीटिंग रूम की ओर चले गए और अपनी बेटी को भी साथ ले गए। घटना में वे बाल-बाल बच गए।
आंधी-पानी के दौरान पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों ने कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। नगर निगम अधिकारियों को घटना की सूचना दिए जाने के बाद टीम मौके पर पहुंची और गिरे पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया।
शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और टहनियां टूटने से भारी अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है और कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की खबर है। प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा हुआ है।
तेज हवाओं और अचानक आई बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों पर पेड़ गिरते ही लोगों में अफरातफरी मच गई. इस दौरान कुछ जगहों पर वाहनों को नुकसान हुआ और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.
राजद के पटना कार्यालय के बाहर पेड़ गिरने से अवागमन बुरी तरह बाधित हो गया. इससे बेली रोड और स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगहों ट्रैफिक जाम की समस्या हुई है.