Patna traffic: राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास सड़क धंसी, ट्रैफिक पर आफत, बैरिकेडिंग के बीच एक लेन से गुजर रहे वाहन, जाम से बचने के लिए इन वैकल्पिक रास्तों से जाएं

Patna traffic:पटना में सड़क की बदहाली ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजेंद्र नगर टर्मिनल के सामने कुम्हरार से स्टेशन जाने वाले रास्ते पर सड़क धंसने की घटना के बाद ...

राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास सड़क धंसी- फोटो : reporter

Patna traffic:पटना में सड़क की बदहाली ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजेंद्र नगर टर्मिनल के सामने कुम्हरार से स्टेशन जाने वाले रास्ते पर सड़क धंसने की घटना के बाद इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था बदल दी गई है। सड़क मरम्मत कार्य के चलते फिलहाल वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के मुताबिक, पंसिया होटल के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। घटना के बाद विभागीय अमले ने तुरंत मोर्चा संभाला और धंसे हुए हिस्से को कंक्रीट से भरकर अस्थायी तौर पर दुरुस्त किया गया। लेकिन कंक्रीट को पूरी तरह सूखने और मजबूत होने में समय लगने के कारण एहतियात के तौर पर मौके पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

प्रशासन की इस कवायद का असर यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। फिलहाल सड़क के दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही लेन से गुजारा जा रहा है। नतीजा यह है कि सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है और पीक ऑवर में जाम की स्थिति बनने की आशंका बढ़ गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सड़क के दूसरे हिस्से की भी जांच की गई, जहां दरारें नजर आने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर लोहे की पट्टियां बिछाई गई हैं। विभाग किसी भी तरह के हादसे को रोकने के लिए सतर्कता बरत रहा है।राजेंद्र नगर टर्मिनल पटना के प्रमुख रेलवे केंद्रों में शामिल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है। ऐसे में सड़क पर आई इस तकनीकी परेशानी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक भीड़ और जाम से बचने के लिए संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है।अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सड़क की मरम्मत कब तक पूरी होती है और राजेंद्र नगर टर्मिनल के आसपास की यातायात व्यवस्था कब सामान्य हो पाती है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार