Rajya Sabha Elections: राज्यसभा चुनाव में एनडीए के 'क्लीन स्वीप' से बौखलाई कांग्रेस, आज करेगी पुतला दहन, 3 विधायकों ने दिया था धोखा

Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद सियासत तेज हो गई है। पांचों सीटों पर एनडीए की जीत के बीच अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस आज एनडीए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाली है। साथ ही पुतला दहन भी करेगी।

कांग्रेस करेगी पुतला दहन - फोटो : social media

Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राज्य की सभी पांचों सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की, लेकिन इस दौरान कांग्रेस के तीन विधायक मतदान से अनुपस्थित रहे, वहीं राजद के भी एक विधायक वोटिंग में शामिल नहीं हुए। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि यह “वोट चोर” और “विधायक चोर” की नीति का परिणाम है।

कांग्रेस नेता करेंगे पुतला दहन 

विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेस ने आज प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी कार्यकर्ता पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर पुतला दहन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली नीतियों के खिलाफ पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

टूट सकती है कांग्रेस-राजद गठबंधन

वहीं दूसरी ओर जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस और राजद में भी टूट हो सकती है। विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार मिली है। इस बार राजद और कांग्रेस को अपने ही विधायक ने धोखा दिया है। जिसके बाद से सियासी सरगर्मी तेज है। विधायकों के गैरहाजिरी पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच एक और जानकारी मिल रही है कि जब पार्टी विधायक नहीं पहुंच रहे थे कि पार्टी की ओर से उन्हें करीब 53 से 54 बार कॉल किया गया लेकिन विधायकों ना ही कॉल रिसीव किया और ना ही वो पहुंचे। 

3 विधायकों ने दिया धोखा 

गौरतलब हो कि, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी। 3 विधायकों ने सुबह आकर मतदान किया लेकिन 3 विधायक गायब रहे। कांग्रेस नेता दावा करते रहे कि तीनों विधायक शाम तक आ जाएंगे लेकिन समय बीत गया और विधायक बिहार विधानसभा नहीं पहुंचे। कांग्रेस के तीन विधायक जो विधानसभा नहीं पहुंचे हैं उनमें मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद, फारबिसगंज से विधायक मनोज विश्वास और वाल्मीकिनगर से विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा शामिल हैं। वहीं राजद के एक विधायक फैसल रहमान ने भी पार्टी को धोखा दिया। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट